जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: मंगलवार सुबह नकुड थाना क्षेत्र के अंबेहटा कस्बे के पुराने बस अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते मौके पर दर्जनों लोग जमा हो गए और माहौल में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, ट्रक में पांच सौ से अधिक गैस सिलेंडर भरे हुए थे जिन्हें सप्लाई के लिए पास के एक गोदाम में ले जाया जा रहा था।
लोगों के अनुसार, ट्रक चालक पुराने बस अड्डे के पास वाहन खड़ा करने के बाद कुछ देर आराम कर रहा था, तभी अचानक पीछे से धुआं उठने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत शोर मचाया और पानी डालकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। ट्रक चालक और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई की बदौलत बड़ा विस्फोट टल गया। गनीमत रही कि आग लगने से पहले ही धुएं पर काबू पा लिया गया, वरना मौके पर मौजूद दर्जनों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि प्रशासन और गैस कंपनी भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए गैस सिलेंडर ले जाने वाले ट्रकों की नियमित फिटनेस और सुरक्षा जांच करें।