Home धर्म ज्योतिष Surya Grahan 2025: शारदीय नवरात्रि से एक दिन पहले सूर्य ग्रहण, जानें कब और कहाँ दिखेगा

Surya Grahan 2025: शारदीय नवरात्रि से एक दिन पहले सूर्य ग्रहण, जानें कब और कहाँ दिखेगा

0
Surya Grahan 2025: शारदीय नवरात्रि से एक दिन पहले सूर्य ग्रहण, जानें कब और कहाँ दिखेगा

नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। पंचांग के अनुसार हर साल आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होने वाली नवरात्रि को शारदीय नवरात्रि कहते हैं। इस वर्ष यह व्रत एवं पर्व 22 सितंबर 2025, सोमवार से आरंभ होगा। मान्यता है कि इस दिन देवी दुर्गा स्वर्गलोक से धरती पर पधारती हैं। इस बार माता हाथी पर सवार होकर आएंगी, जो अत्यंत शुभ माना जाता है। हाथी पर आगमन सुख-समृद्धि, धन लाभ और शांति का प्रतीक है। नवरात्रि शुरू होने से एक दिन पहले, 21 सितंबर 2025 को वर्ष का दूसरा सूर्य ग्रहण लग रहा है। अब सवाल यह है कि क्या इस ग्रहण का प्रभाव नवरात्रि के पर्व पर पड़ेगा ? आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

21 सितंबर को लगेगा सूर्य ग्रहण

ज्योतिषियों के मुताबिक साल का दूसरा सूर्य ग्रहण 21 सितंबर को लग रहा है। यह ग्रहण रात 11 बजे से शुरू होगा। इसका समापन 22 सितंबर तड़के 3 बजकर 24 मिनट पर होगा। परंतु इस ग्रहण को भारत में नहीं देखा जा सकेगा। यही कारण है कि सूर्य ग्रहण से पहले लगने वाला सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। साथ ही ग्रहण से अगले दिन यानी 22 सितंबर से प्रारंभ होने वाले शारदीय नवरात्रि पर भी इसका कोई प्रभाव नहीं माना जाएगा।

साल का दूसरा सूर्य ग्रहण कहां दिखेगा?

साल 2025 का दूसरा सूर्य ग्रहण भारत में नहीं नजर आएगा। हालांकि, इसे अमेरिका, समोआ, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फिजी और अटलांटिक महासागर जैसे क्षेत्रों में देखा जा सकेगा।

तिथि

इस वर्ष आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा 22 सितंबर को रात 01 बजकर 23 मिनट से शुरू होगी। इसका समापन 23 सितंबर को रात 02 बजकर 55 मिनट पर होगा। इसलिए 22 सितंबर से शारदीय नवरात्र की शुरुआत होगी।

घटस्थापना का शुभ मुहूर्त

शारदीय नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 9 मिनट से प्रारंभ होगा। यह मुहूर्त सुबह 8 बजकर 6 मिनट तक बना रहेगा। इसकी कुल अवधि 1 घंटा 56 मिनट तक रहेगी। इसके अलावा दूसरा मुहूर्त सुबह 11 बजकर 49 मिनट से दोपहर के 12 बजकर 38 मिनट तक रहेगा।