- दूसरे दिन शामली में 146, थानाभवन में 70 शिकायतें
- ऊन सहकारी गन्ना समिति में पहले दिन 04 शिकायत दर्ज
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पेराई सत्र 2021-22 के लिए गन्ना विभाग ने किसानों के कच्चे कैलेंडर ईआरपी की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। 20 सितंबर तक सट्टा प्रदर्शन मेला आयोजित किया गया है तो 30 सितम्बर तक चलेगा। मंगलवार से ऊन सहकारी गन्ना विकास समिति में भी मेला शुरू हो गया है। मेले में किसानों की कैलेंडर, सट्टा और अन्य तमाम समस्याओं का समाधान किया जाना है।
20 अक्टूबर से पेराई सत्र शुरू करने के प्रयास हैं और इससे पहले पक्के कैलेंडर जारी कर दिए जाएंगे। मंगलवार को भी गन्ना क्षेत्रफल और आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इसके अलावा कच्चे कैलेंडर में संशोधन और अतिरिक्त सट्टे की शिकायतें भी रहीं।
जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि पिछले सालों में पांच से छह दिन का मेला होता था। लेकिन इस बार दस दिन का मेला लगाया गया है ताकि किसानों की अधिक भीड़ न रहे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को जनपद की तीनों गन्ना विकास समितियों में कुल 220 शिकायतें प्राप्त हुई।
जिनमें शामली समिति में 146, थानाभवन समिति में 70 शिकायतें तथा ऊन समिति 04 शिकायतें शामिल है। गत सोमवार को शामली समिति में 96 तथा थानाभवन समिति में 52 शिकायतें प्राप्त हुई थी। उन्होंने किसानों से अपील है कि जल्द ही आनलाइन घोषणा पत्र भर दें, जिससे पेराई सत्र के दौरान परेशानी न हो।