Home Uttar Pradesh News बरेली कांवड़ियों के जत्थे पर जमकर पथराव, शिवभक्तों ने किया सड़क जाम

बरेली कांवड़ियों के जत्थे पर जमकर पथराव, शिवभक्तों ने किया सड़क जाम

0
बरेली कांवड़ियों के जत्थे पर जमकर पथराव, शिवभक्तों ने किया सड़क जाम

जनवाणी ब्यूरो |

बरेली: आज रविवार को बारादरी थानाक्षेत्र अंतर्गत जोगी नवादा में कांवड़ियों के जत्थे पर पथराव करने का आरोप मुस्लिम समुदाय के लोगों पर लगा है। पूर्व पार्षद उस्मान की शह पर घटना को अंजाम दिए जाने के आरोप में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। कांवड़ियों ने शाम सात बजे पीलीभीत बाईपास पर हंगामा शुरू कर दिया है।

बता दें कि जिले के एक इबादत स्थल के पास से विवाद शुरू हुआ था। यहां से गुजरते वक्त जत्थे में शामिल कांवड़िये गुलाल उड़ा रहे थे, कुछ गुलाल उड़कर इबादत स्थल की ओर चला गया। इससे मुस्लिम समुदाय के लोग भड़क गए। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने कांवड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया।

घटना से अफरा-तफरी मच गई। कांवड़ियों ने थोड़ा आगे बढ़कर गली में वाहनों को आड़ा तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया और वहीं पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात देखते हुए पहले कई थानों की फोर्स बुला ली गई, बाद में आरएएफ भी बुला ली गई। कांवड़ियों का कहना था कि मौके पर मौजूद पूर्व पार्षद उस्मान के इशारे पर पथराव किया गया।

कांवड़ियों ने उसकी गिरफ्तारी की मांग रख दी। कुछ देर बाद एसपी सिटी राहुल भाटी ने इन लोगों को बताया कि उस्मान को गिरफ्तार कर लिया है तो कांवड़िये उसे मौके पर लाने की जिद करने लगे। मुश्किल से कांवड़िये वनखंडीनाथ मंदिर तक पहुंचे।

वहां उन्होंने पथराव वाली जगह पर दोबारा ले जाकर वहीं से कांवड़ यात्रा निकलवाने की मांग रख दी। अधिकारी इस पर सहमत नहीं हुए तो कांवड़ियों में आक्रोश बढ़ गया। मंदिर के पास मैदान में कुछ देर रुकने के बाद शाम सात बजे कांवड़िये पीलीभीत बाईपास पहुंच गए और सुरेश शर्मा नगर चौराहा के पास रास्ता जाम कर दिया।