जनवाणी संवाददाता |
देवबंद/सहारनपुर: इस्लामी तालीम के प्रमुख केंद्र दारुल उलूम देवबंद द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें सफेद कुर्ता पजामा पहन हाथों में देश का झंडा लिए मदरसा छात्र शामिल हुए। दारुल उलूम के मोहतमिम ने खुद तिरंगा लहराकर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान दारुल उलूम क्षेत्र हिंदुस्तान ज़िंदाबाद के नारों से गूंजता रहा।
जान से प्यारा मुल्क हिन्दुस्तान की आज़ादी का जश्न मनाने के लिए मंगलवार को दारुल क़ुरआन से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। तिरंगा यात्रा में शामिल मदरसा छात्र स्टेट हाइवे से होते हुए तल्हेड़ी चुंगी पहुंचे, यहां से मोहल्ला बडज़ियाउल हक, दारुल उलूम चौक होते हुए तिरंगा यात्रा दारुल उलूम के गेस्टहाउस पर पहुंची। जहां पर संस्था के मोहतमिम मुफ़्ती अबुल क़ासिम नोमानी समेत मदरसे के अन्य ज़िम्मेदार व स्थानीय पुलिस प्रशासनिक अधिकारी भी हाथो में झंडा लेकर यात्रा में शामिल हुए।
इसके बाद यात्रा दारुल परिसर से होते हुए पुनः दारुल कुरआन पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान दारुल उलूम क्षेत्र हिंदुस्तान ज़िंदाबाद के नारों से गूंजता रहा। बता दें कि स्थानीय प्रशासन द्वारा दारुल उलूम के ज़िम्मेदारों से मुलाक़ात कर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई थी, जिस पर दारुल उलूम के मोहतमिम ने भरपूर सहयोग का आश्वासन दिया था इसी के बाद पहली बार मदरसा छात्रों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई है।
मनाया जा रहा है आज़ादी का अमृत महोत्सव
देवबंद में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत पिछले वर्षो की भांति इस बार भी हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। दो अगस्त से 15 अगस्त तक तीन चरणों में चल रहे इस अभियान में घरों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और सरकारी संस्थानों पर तिरंगा फहराने के साथ ही रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत व भावनात्मक संबंध बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

