जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद सहारनपुर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिसे देखते हुए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद में पुलिस बल के साथ सिविल डिफेंस के जवानों को भी तैनात किया गया है, जबकि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।एसएसपी ने बताया कि देहात क्षेत्र में प्रस्तावित बड़े मेलों और शोभायात्राओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
वहीं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।महिला सुरक्षा के लिए एंटी-रोमियो और मिशन शक्ति टीमें सक्रिय रखी गई हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डायल-112 की गाड़ियों का प्रभावी व्यवस्थापन किया गया है।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त रखते हुए प्रमुख मार्गों पर पुलिस तैनात की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।एसएसपी अभिनंदन सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महाशिवरात्रि पर्व जनपद में पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा रहा है।

