जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय मूल के डेमोक्रेट पार्टी के उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क शहर के मेयर चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। ममदानी को कुल मतों का 50.4% समर्थन मिला। दूसरे स्थान पर रहे पूर्व गवर्नर और निर्दलीय उम्मीदवार एंड्रयू कुओमो, जिन्हें लगभग 41% वोट मिले। रिपब्लिकन पार्टी के कर्टिस स्लिवा तीसरे स्थान पर रहे, उन्हें लगभग 7.1% वोट मिले।
इतिहास रचते हुए जीत हासिल की
जोहरान ममदानी न केवल न्यूयॉर्क के सबसे युवा मेयर होंगे, बल्कि वे पहले भारतवंशी और पहले मुस्लिम मेयर भी होंगे। उनकी जीत को न्यूयॉर्क की राजनीति में नए बदलाव और युवा नेतृत्व के उदय के रूप में देखा जा रहा है। ममदानी फिल्म निर्देशक मीरा नायर के बेटे हैं। उनका चुनावी सफर बेहद तेजी से उभरा और उनके युवा, प्रगतिशील और वामपंथी एजेंडे ने जनता का दिल जीता।
जीत के बाद पहला संबोधन
जीत के तुरंत बाद ममदानी ने न्यूयॉर्क की जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा: “जिस शहर ने ट्रम्प को पैदा किया, वही अब देश को दिखाएगा कि उन्हें कैसे हराया जाता है। डोनाल्ड ट्रम्प, मुझे पता है कि आप यह देख रहे हैं। मेरे पास आपके लिए चार शब्द हैं — वॉल्यूम जरा तेज करो।” उनके इस संदेश ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुर्खियां बटोरी हैं।
युवा और प्रगतिशील नेतृत्व का प्रतीक
जोहरान ममदानी की प्राथमिकता शहरी विकास, प्रवासी अधिकार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार के क्षेत्र में बदलाव लाना है। उनके प्रशासन से न्यूयॉर्क में टैक्स सुधार, सार्वजनिक परिवहन और समान अवसरों की नीति को लागू करने की उम्मीद की जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, ममदानी की जीत केवल न्यूयॉर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि यह डेमोक्रेटिक पार्टी में युवा और विविध नेतृत्व के उदय का संकेत भी है।

