जनवाणी संवाददाता |
किरतपुर: थाना किरतपुर क्षेत्र के जीवन सराय बस स्टैंड के पास स्थित एक आम के बाग में मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान हंसी पुत्र विनोद कुमार, निवासी गांव ठाकी साधो के रूप में हुई है। युवक के दोनों हाथ पेड़ से बंधे मिले, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
शाम को किसी कार्यवश घर से बाहर गया था
परिजनों के अनुसार, हंसी सोमवार शाम को किसी कार्यवश घर से बाहर गया था। सुबह तक वापस न लौटने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान जीवन सराय बस स्टैंड के पास एक आम के बाग में उसका शव पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस बल मौके पर पहुंचा
सूचना पर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना स्थल का निरीक्षण स्वयं पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक झा ने किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
अधिक जानकारी के लिए दैनिक जनवाणी पढ़ें।

