- डीएम ने सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए निर्देश
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: जिलाधिकारी रमाकांत पांडे ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निर्धारित समय अवधि में पूर्ण गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें। इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाए कि आगामी तहसील दिवस से पूर्व सभी शिकायतों का निस्तारण पूर्व मानक के अनुसार कर लिया जाए और कोई भी शिकायत लंबित ना रहने पाए।
डीएम रमाकांत पाण्डेय ने चांदपुर तहसील के डबाकर हाल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ पूर्ण गुणवत्ता के साथ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति जन कल्याणकारी योजनाओं के फायदे से महरूम न रहे।

उन्होने निर्देश दिये कि सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों को पूर्ण गुणवत्ता और मानक के साथ निस्तारित करना सुनिश्चित करें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी निश्चित रूप से प्राप्त कर लें, शिकायतकर्ता को संतुष्ट किये बिना शिकायत का निस्तारण स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होने निर्देश दिये कि वर्तमान और लम्बित शिकायतों का निस्तारण पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी आख्या के साथ संलग्न करना सुनिश्चित करें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के मौके पर कुल 47 शिकायतें दर्ज की गयीं, जिनमें चार शिकायतों का मौके पर ही विभीगीय अधिकारियों के माध्यम से निराकरण किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर एसपी डा.धर्मवीर सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए विजय प्रकाश श्रीवास्तव, एसडीएम एवं तहसीलदार चांदपुर के अलावा सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

