- शहर से लेकर देहात में दर्जनों पशुओं में फैला लंपी स्किन रोग
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश गर्ग ने बताया कि रविवार को लंपी स्किन डिजीज के 30 नए केस सामने आए हैं। जबकि 35 बीमार गोवंश के ठीक होने की रिपोर्ट मिली है। वर्तमान में मेरठ जनपद में एक्टिव केसों की संख्या 921 है।
वहीं इस रोग से गोवंश को बचाने के लिए जिले भर में 31 टीमें टीकाकरण का काम तेजी से कर रही हैं। रविवार शाम तक 48 हजार गोवंश का टीकाकरण किया जा चुका है। उधर, खरखौदा ब्लॉक क्षेत्र में भी पशुओं में लंपी रोग फैल रहा है। क्षेत्र के तीन गांवों में पांच पशु बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। जिसके चलते बीमार पशुओं पर पशु चिकित्सा विभाग द्वारा निगाह रखी जा रही है।
रविवार को पशु धन प्रसार अधिकारी ने बीमार पशु को टीका लगाया। वहीं, क्षेत्रीय पशु चिकित्साधिकारी द्वारा गठित टीम घर-घर जाकर पशुओं में बीमार न फैले पशु पालकों को बीमारी से बचाव के सुझाव दे रहे हैं। रविवार को कस्बा स्थित पशु चिकित्सा केंद्र पर पहुंची पशु धन प्रसार अधिकारी मीनाक्षी ने टीम के साथ जाकर बीमार पशु का टीकाकरण किया। पशु चिकित्साधिकारी डा. विरेन्द्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र के कुड़ी, कबट्टा, चंदपुरा गांवों में पांच पशु लंपी रोग बीमारी से पीड़ित पाए गए जिनका उपचार किया जा रहा है।

चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पशुपालकों से बीमार पशु को अन्य पशुओं से अलग रखने की सलाह दी जा रही है। साथ ही बीमार पशु को नीम के पानी से नहलाने व पशुओं के आसपास साफ-सफाई रखने को कहा जा रहा है। पशु चिकित्सक के अनुसार यह बीमारी बीमार पशुओं के ऊपर बैठी मक्खी, मच्छर दूसरे स्वस्थ पशु पर बैठने से फैल रही है, इसलिए पशुओं के आसपास कीटनाशक दवाई के छिड़काव करने को कहा जा रहा है। टीम में पशु चिकित्साधिकारी डा. विरेन्द्र कुमार पशु धन प्रसार अधिकारी मीनाक्षी, पवन प्रजापति, सुनील कुमार, अनिल कुमार आदि शामिल रहे।