Sunday, April 5, 2026
- Advertisement -

मेरठ में दिनदहाड़े व्यापारी के मुनीम से 7 लाख की लूट, मचा हड़कंप

  • पेमेंट लेकर फलावदा से मेरठ लौट रहा था मुनीम
  • एसपी देहात सहित दो थानों की पुलिस मौके पर, बदमाशों का सुराग नहीं

जनवाणी संवाददाता |

फलावदा: थाना क्षेत्र के तहत महलका-लावड़ मार्ग पर समसपुर गांव के समीप बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर व्यापारी के मुनीम से सात लाख रुपए की नगदी लूट ली। बदमाश वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो गए। पीड़ित मुनीम ने लावड़ पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। लूट की इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी देहात सहित दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

घटनाक्रम के अनुसार जागृति विहार निवासी प्रदीप रस्तोगी मेरठ नई मंडी में घी तेल व्यापारी मुकेश गुप्ता के पास मुनीम है। मुनीम देहात के कस्बों के दुकानदारों से धन संग्रह करता है।बताया गया है कि वह शनिवार को बहसूमा व फलावदा से एकत्र हुई सात लाख की रकम लेकर मेरठ लौट रहा था।

शाम के समय जब वह लावड़-महलका पर समसपुर गांव से आगे पहुंचा तो रास्ते में खड़े अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया तथा ओवरटेक करके उसे गन्ना क्रय केंद्र के पास रोक लिया। मुनीम ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया था।

बदमाशों ने तमंचे के बल पर स्कूटी की डिग्गी खोलकर सात लाख रुपए रुपए लूट लिए। बदमाश वारदात को अंजाम देकर मुनीम को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाश जल्दबाजी में मुनीम का मोबाइल व स्कूटी नही ले जा सके। मुनीम द्वारा स्कूटी पर सवार होकर लावड़ पुलिस चौकी में घटना की सूचना दी गई।

चौकी पुलिस द्वारा फलावदा पुलिस को सूचना दी गई। तत्पश्चात दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर पहुंच कर एसपी देहात केशव कुमार व थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने जांच पड़ताल की। पुलिस मुनीम से पूछताछ कर रही है। बदमाशों को सीसीटीवी कैमरों में भी तलाश किए जा रह है लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंच गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनी खेज घटना से इलाके के व्यापारियों में दहशत फैल गई है।

16 20
पीड़ित मुनीम की स्कूटी।

कई पहलुओं पर हो रही है लूट की जांच: एसपी देहात

लूट की दुस्साहसिक वारदात के बाद मौके पर पहुंचे एसपी देहात केशव कुमार ने फलावदा पुलिस को घटना वर्क आउट करने के कढ़े निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि घटना में कई बिदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। बदमाश मुनीम के पीछे कहां से लगे यह भी जांच का बिंदु है। फिलहाल मुनीम से पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही घटना का अनावरण कराया जायेगा।

कैसे हुई बदमाशों को कैश की सटीक जानकारी ?

सरेराह लूट की वारदात अंजाम देने वाले बदमाशों को मुनीम के पास लाखों का कैश होने की सटीक जानकारी कैसी हुई ? यह भी जांच का विषय है। बदमाशों ने पल भर में मुनीम से स्कूटी की डिग्गी खुलवाई और रकम लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया है वह तमाम सवाल खड़े कर रहा है।

पुलिस अफसरों का मानना है कि आमतौर पर बड़ी लूट में बदमाश घटना फ्लैश होने के भय से पीड़ित के मोबाइल फोन को नही छोड़ते।एक बाइक पर तीन लुटेरों की संख्या होने के बावजूद मुनीम की स्कूटी को हाथ न लगाना अपने आप में संशय पैदा कर रह है। बहरहाल घटना को लेकर तमाम कयास लग रहे हैं लेकिन असलियत तफ्तीश के बाद ही स्पष्ट होगी। बकौल एसपी देहात केशव कुमार पुलिस जांच में लगी हुई है।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Meerut News: अंबेडकर जयंती पर रक्तदान शिविर, लोगों ने बढ़-चढ़कर किया सहयोग

जनवाणी संवाददाता | मेरठ: टीपी नगर थाना क्षेत्र की गंगा...

Recharge: जियो का नया प्लान, पूरे महीने की वैलिडिटी और AI सब्सक्रिप्शन फ्री

नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटाकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत...

UP: यूपी में आंधी-बारिश का कहर, सात की मौत, कानपुर सबसे ज्यादा प्रभावित

नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत...
spot_imgspot_img