- तीन माह से फरार था प्रेमी युगल शादी करने के बाद मंगलवार को आया था गांव में
- परिजनों ने शव रखकर किया हंगामा, गांव तनाव बना
- जनपद के आलाधिकारी फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर/खतौली: रतनपुरी थानाक्षेत्र अंतर्गत गांव फुलत में प्रेमिका के भाई ने प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद गुस्साये मृतक के भाई ने प्रेमिका के भाई को गोली मार दी जिसमें में प्रेमिका का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया और देर रात उसकी भी उपचार के दौरान मौत हो गयी। वहीं मृतक के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया।
मामले की सूचना पर गांव पहुंची रतनपुरी थाने की पुलिस मृतक के परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही थी मगर, परिजन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। समाचार लिखे जाने तक देर रात्रि परिजनों ने पुलिस को प्रेमी का शव उठाने नही दिया था। और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। वहीं दो युवकों की हत्या से गांव सनसनी फैली हुई थी। आलाधिकारी फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर देर रात तक जांच में जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार रतनपुरी थाने के गांव फुलत निवासी दलित राजू का पुत्र अंकित तीन माह पूर्व गांव की ही दलित समाज की युवती को प्रेम प्रसंग के चलते भगा कर ले गया था। जिसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर लिया। इसके बाद दोनों गांव से दूर रह रहे थे। वहीं युवती के परिजनों ने रतनपुरी थाने में युवक अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई हुई थी। तभी से पुलिस दोनों की तलाश में लगी हुई थी। घटनाक्रम के अनुसार मंगलवार को अंकित अपनी पत्नी को लेकर गांव फुलत में परिजनों से मिलने आया था।
इस दौरान देर रात्रि अंकित गांव में दोस्तो से मिलने जा रहा था। तभी रास्ते मे अंकित का सामना प्रेमिका के भाई से हुआ जिसके बाद दोनों में गाली गलौज होने के बाद मारपीट हुई, इसके बाद प्रेमिका के भाई ने अंकित पर कई राउंड तमंचे फायर कर अंकित की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। वहीं अंकित की मौत की सूचना मिलने पर उसका भाई और परिजन मौके पर पहुंचे और अंकित को उठाकर चिकित्सक के यहां ले जहां चिकित्सक ने अंकित को उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया।
अंकित की मौत से गुस्साये उसके भाई ने प्रेमिका के घर पर पहुचकर आरोपी प्रेमिका के भाई रोहित पर तमंचे से कई राउंड गोली चला दी। गोली लगने से प्रेमिका का भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद घायल प्रेमिका के भाई को मृत घोषित कर दिया है।
मामले की सूचना मिलने पर रतनपुरी पुलिस के हाथ पांव फूल गये। सीओ बुढाना और रतनपुरी इंस्पेक्टर अक्षय शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया, और अंकित के शव को कब्ज़े में ले लिया। मगर, गुस्साये मृतक के परिजनों ने पुलिस को अंकित का शव उठाने नहीं दिया।
शव को सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया मगर परिजन अंकित के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक गांव में हंगामा जारी था। परिजन पुलिस की अंकित का शव उठाने नही दे रहे थे।
मामला एक ही समाज का होने के कारण तनाव बना हुआ है और गांव फुलत में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। उधर, गांव में दो युवकों की हत्या होने से ग्रामीणों में सनसनी फैली हुई थी। देर रात्रि जनपद के आलाधिकारियों ने फोरेंसिक टीम के साथ गांव फुलत पहुंचकर घटना स्थल की जांच पड़ताल की है।

