नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर किए गए सैन्य अभियान को लेकर देश को संबोधित किया। स्थानीय समयानुसार रात 10 बजे अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर एक बड़ा और निर्णायक हमला किया है, जो दुनिया की कोई दूसरी सेना नहीं कर सकती। ट्रंप ने कहा, “मैंने बहुत प्रयास किया कि यह स्थिति न आए, लेकिन हमारे पास कोई विकल्प नहीं बचा था।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि ईरान शांति के रास्ते पर लौटे और तनाव को समाप्त करे।
ईरान-इस्राइल संघर्ष के बीच अमेरिका की ओर से ईरान की तीन परमाणु सुविधाओं पर हमला करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के पास अब भी समय है कि वह शांति के रास्ते पर लौटे। उसे यह जंग खत्म करनी होगी। अगर ईरान ने अब भी हमला किया तो हम भी हमला करेंगे। शांति नहीं हुई तो विनाश होगा। अभी सभी लक्ष्यों पर हमले नहीं किए गए हैं। हम पश्चिम एशिया में दादागिरी दिखाने वाले ईरान की परमाणु सुविधाओं को पूरी तरह से नष्ट कर देंगे।
ट्रंप ने कहा कि पश्चिम एशिया में दादागिरी दिखाने वाले ईरान को अब शांति स्थापित करनी चाहिए। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो भविष्य में हमले कहीं अधिक बड़े और आसान होंगे। 40 वर्षों से ईरान इस्राइल और अमेरिका पर निशाना साधता रहा है। लोगों को मारता रहा है। वे हमारे लोगों को मार रहे हैं, उनके हाथ उड़ा रहे हैं, सड़क किनारे बमों से उनके पैर उड़ा रहे हैं… उनके जनरल कासिम सुलेमानी ने बहुत से लोगों को मार डाला। मैंने बहुत पहले ही तय कर लिया था कि मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। यह जारी नहीं रहेगा।
प्रधानमंत्री बीबी नेतन्याहू को दिया धन्यवाद
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री बीबी नेतन्याहू को धन्यवाद और बधाई देता हूं। हमने एक टीम के रूप में काम किया जैसा कि शायद पहले किसी टीम ने काम नहीं किया है। हम इस भयानक खतरे को मिटाने में बहुत आगे बढ़ गए हैं। मैं इस्राइली सेना को उनके द्वारा किए गए शानदार काम के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं और सबसे महत्वपूर्ण बात, मैं उन महान अमेरिकी देशभक्तों को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने आज रात उन शानदार मशीनों को उड़ाया और अमेरिका की पूरी सेना को एक ऐसे ऑपरेशन पर बधाई देना चाहता हूं जैसा कि दुनिया ने कई दशकों में नहीं देखा है।’
‘यह जारी नहीं रह सकता
ट्रंप ने कहा, ‘यह जारी नहीं रह सकता। या तो शांति होगी या ईरान के लिए आफत होगी, जो पिछले आठ दिनों में हमारी ओर से देखी गई घटनाओं से कहीं अधिक गंभीर है। याद रखें, अभी कई लक्ष्य बचे हुए हैं। आज की रात उन सभी में सबसे कठिन थी और शायद सबसे घातक भी। अगर शांति जल्दी नहीं आती है तो हम सटीकता, गति और कौशल के साथ उन अन्य लक्ष्यों पर हमला करेंगे। उनमें से अधिकांश को कुछ ही मिनटों में नष्ट किया जा सकता है।’

