जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: गुजरात में आज नया सियासी अध्याय शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में नई मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 26 मंत्रियों ने शपथ ली। इस नई टीम में कई नए चेहरे शामिल किए गए हैं, जिनमें रिवाबा जाडेजा, हर्ष सांघवी, कुंवरजी बावलिया, प्रवीणकुमार माली, स्वरूपजी ठाकोर, अर्जुन मोढवाडिया जैसे प्रमुख नाम हैं।
सबसे अहम बात यह रही कि हर्ष सांघवी को गुजरात का नया डिप्टी सीएम बनाया गया है। इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर बाकी सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था, जिससे यह संकेत मिल गया था कि पार्टी मंत्रिपरिषद में बड़ा बदलाव करने जा रही है।
मंत्रिपरिषद में शामिल प्रमुख नाम…
हर्ष सांघवी (डिप्टी सीएम)
रिवाबा जाडेजा
कुंवरजी बावलिया
अर्जुन मोढवाडिया
स्वरूपजी ठाकोर
प्रवीणकुमार माली
रुशिकेश पटेल
दर्शना वाघेला
परषोत्तम सोलंकी
जीतेन्द्र वाघानी
प्रफुल्ल पानशेरिया
कनुभाई देसाई
विधायकों की प्रतिक्रिया?
भाजपा विधायक लविंगजी ठाकोर ने कहा, “मुझे शपथ समारोह का निमंत्रण मिला, इसलिए मैं बहुत खुश हूं। पहले भी क्षत्रिय समुदाय को प्रतिनिधित्व मिला है और इस बार भी मिला है। भाजपा हर समुदाय का सम्मान करती है।”
वहीं, विधायक कन्हैयालाल किशोरी ने कहा, “हम सुबह 11:30 बजे से कार्यक्रम में मौजूद हैं। नए मंत्रियों को शुभकामनाएं। यह बदलाव गुजरात को और विकास की ओर ले जाएगा।”
राजनीतिक विश्लेषण?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह फेरबदल भाजपा के मिशन 2027 की रणनीति का हिस्सा है। पार्टी अब युवा चेहरों को सामने लाकर एंटी इनकंबेंसी को मात देना चाहती है। साथ ही ओबीसी, पाटीदार और शहरी मतदाताओं के बीच संतुलन साधने की कोशिश की जा रही है। भाजपा की कोशिश है कि समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर आगामी विधानसभा और निकाय चुनावों में मजबूत स्थिति बनाई जाए।

