जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस बार का चुनाव कई मायनों में खास रहा, खासकर महिलाओं की भागीदारी ने नए रिकॉर्ड कायम किए हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पहले चरण में पुरुषों की तुलना में 7.48% अधिक और दूसरे चरण में 10.15% अधिक महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यह अब तक का सर्वाधिक अंतर माना जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि जो महिलाएं पहले सुबह घर से निकलने में झिझकती थीं, वे इस बार शाम तक मतदान केंद्रों पर पहुंचती दिखीं।
दूसरे चरण ने तोड़ा पहले चरण का रिकॉर्ड
पहले चरण में महिलाओं के वोट का आंकड़ा 80 फ़ीसदी के पार नहीं पहुंचा था। मधेपुरा, सहरसा, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर समेत पांच जिलों में ही महिलाओं से 75 फीसदी से अधिक वोटिंग की थी। लेकिन दूसरे चरण में सारे रिकॉर्ड टूट गए। सुपौल किशनगंज पूर्णिया कटिहार में 80 फ़ीसदी से अधिक महिलाओं ने वोटिंग की। किशनगंज में सबसे अधिक 88.57 फीसदी महिलाओं ने वोट किया। यहां पर महिलाओं की तुलना में पुरुषों ने महज 69.07 फीसदी ही वोट किया था। वही सुपौल में 83.69 फीसदी, पूर्णिया में 83.66 फीसदी, कटिहार में 84.13 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया।

