जनवाणी संवाददाता ।
कैराना: गन्ने के एक के खेत में हरियाणा के राणामाजा गांव निवासी युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे भूरा बराला मार्ग स्थित किसान अंकुर के गन्ने के ईख के खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों के द्वारा पुलिस को शव पड़ा होने की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव के पास ही एक 315 बोर का तमंचा पड़ा मिला तथा तमंचे के अंदर एक कारतूस का खाली खोखा फंसा हुआ मिला। इसके अलावा मृतक का आधार कार्ड व मोटरसाइकिल की आरसी बरामद हुई। मृतक युवक की पहचान परवेज निवासी गांव राणामाजरा पानीपत हरियाणा के रूप में हुई।
बताया गया है कि मृतक परवेज करनाल के घरौंडा से लूट के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की सूचना पर एडिशनल एसपी सुमित शुक्ला मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। एडिशनल एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

