- पुलिस से हाथापाई में अधेड़ की मौत का मामला
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: पुलिस के साथ हाथापाई के बाद अधेड़ की मौत होने के बाद मृतक के घर कस्बा एलम में सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश गौड कश्यप और शामली विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने घर पहुंच कर परिजनों को सांत्वना देते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया।

रविवार को कस्बा एलम में पुलिस दबिश के दौरान ग्रामीण ओमवीर कश्यप की मौत हो गई थी। ग्रामीण की मौत के बाद कस्बे वासियों ने जमकर हंगामा किया था। एसपी शामली सुकीर्ति माधव ने इस मामले में आरोपी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम पर भेजा था।
मृतक के परिजनों को शोक संवेदना देने वालों का पीड़ित परिवार के घर पर तांता लगा हुआ है। सोमवार को भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश गौड़ कश्यप पीड़ित परिवार के बीच पहुंचें। उन्होंने मृतक ओमबीर कश्यप के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार आपके साथ खड़ी है।
आपके साथ हुए इस जुल्म की सजा आरोपियों को जरूर दिलाई जाएगी। साथ ही, उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आर्थिक रूप से हर संभव मदद दिलाए जाने का भी आश्वासन दिया।
दूसरी ओर, शामली विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने भी मृतक ओमबीर कश्यप के परिजनों को सांत्वना देते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही, कहा कि सरकार की ओर हर संभव मदद की जाएगी।
इस दौरान भाजपा नेता डा. विकास पंवार, सुबोध भारतीय, अश्विनी पंवार, राजवीर कश्यप सभासद, तेजपाल कश्यप, ओमपाल कश्यप, अभिनव पंवार आदि उपस्थित रहे।

