- वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए वैलनेस सेंटर का उद्घाटन
- मुख्यालय पर जिलाधिकारी ने प्रदान किए नियुक्ति-पत्र
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जनपद को जहां दो आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों की सौगात मिल गई है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम कुड़ाना में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए वैलनेस सेंटर का उद्घाटन भी किया।
सोमवार को एनआईसी लखनऊ में आयुष विभाग के तत्वावधान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उप्र के अंदर 1100आयुष चिकित्सा अधिकारी होम्योपैथिक एवं आर्युवेदिक को नियुक्त तथा पद स्थापना प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदान किए।
जबकि जनपद में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वितरित कराए। इस दौरान एनआईसी शामली में जिलाधिकारी जसजीत कौर, विधान परिषद सदस्य चौधरी वीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्षपति प्रसन चौधरी, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डा. विधु शेखर मलिक की मौजूदगी में जनपद में दो नवचयनित आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डा. नीरज कुमार तथा डा. गायत्री शर्मा को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा जनपद में वैलनेस सेंटर कुडाना का उद्घाटन भी वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नव चयनित चिकित्सा अधिकारियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज आपके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों बाद आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तैनाती की जा रही है।
उन्होंने सभी नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारी से शासकीय दायित्वों के निर्वहन के उपरांत जिज्ञासा के साथ शोध पर कार्य किये जाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। आयुर्वेद के क्षेत्र में बीमारी का अच्छा एवं बेहतर समाधान है। योग एंड वैलनेस सेंटर हेल्थ टूरिज्म का अच्छा एवं बेहतर माध्यम होगा। कार्यक्रम का संचालन जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डा. विधु शेखर मलिक द्वारा किया गया।

