- शामली जनपद में 13 समर्थित प्रत्याशी किए घोषित
- छह वार्डों पर सहयोगी दलों को किया जाएगा समर्थन
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: उप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी पंकज मलिक ने शामली जनपद में जिला पंचायत सदस्य के लिए 13 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है। उन्होंने कहा कि जनपद में छह वार्डों पर सहयोगी दलों को समर्थन किया जाएगा। इस कांग्रेस नेता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। प्रदेश में तीन साल से गन्ना भाव में कोई वृद्धि नहीं हुई है।
सोमवार को उप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पश्चिमी उप्र के प्रभारी पूर्व विधायक पंकज मलिक ने करनाल रोड स्थित एक फार्म हाउस में शामली जनपद के लिए जिला पंचायत सदस्यों की पहली सूची जारी की। पंकज मलिक ने बताया कि वार्ड-1 उमरपुर से मितलेश देवी, वार्ड-2 महावतपुर से चौधरी सुनीता, वार्ड-4 भैंसानी इस्लापुर से खालिद, वार्ड-5 गढीअब्दुला खां से चौधरी शाहजहां जंग, वार्ड-6 पंथूपुरा से पूजा कोरी, वार्ड-7 जिजौला से अश्वनी शर्मा, वार्ड-8 भमेडी शाहपुर से अमित वाल्मीकि, वार्ड-9 बिडौली सादान से राशिद टपराना, वार्ड-11 नंगलाराई से मगती आशा, वार्ड-12 मुडेट कलां से चौधरी इरशाद, वार्ड-13 मामोर से चौधरी इनाम जंग, वार्ड-14 गंगेरू से कुरबान अली, वार्ड-15 मतनावली से सरोज कश्यप को कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ाया जाएगा। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए उप्र कांग्रेस कमेटी के सचिव सत्य सत्यम सैनी को बनाया गया है।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक ने कहा कि भाजपा की सरकार में देश और प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है। किसानों की दुर्गति हो रही है। तीन कृषि कानूनों पर किसान दिल्ली में आंदोलनरत हैं लेकिन सरकार बिल वापस नहीं ले रही है। भाजपा किसानों को सताने में कोई कसर नही छोड़ रही। पश्चिम का किसान गन्ने पर निर्भर है, लेकिन यहां पिछले तीन सालों में गन्ना भाव पर कोई रुपया नहीं बढ़ाया गया। अब तक गत वर्ष का गन्ना भुगतान नहीं हुआ है जिससे किसान परेशान हाल है। पूर्व विधायक ने कहा कि इन सब मुददों को लेकर कांग्रेस जिला पंचायत का चुनाव लड़ेगी।
इस अवसर कांग्रेस प्रदेश सचिव सत्य संयम सैनी, जिलाध्यक्ष दीपक सैनी व शहर अध्यक्ष अनुज गौतम को प्रभारी बनाया गया है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष अय्यूब जंग, मुनव्वर जंग, धर्मेंद्र काम्बोज, प्रवीण तरार, सुल्तान सिंह पंवार, चैनसिंह, रामकिशोर पारचा, महेंद्र शर्मा सत्यप्रकाश राणा आदि मौजूद रहे।

