- मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: आगामी 18 सितम्बर से 20 सितम्बर के मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कैराना आकर ऊंचागांव में पीएसी कैम्प एवं कांधला के गुर्जरपुर में फायरिंग रेंज का शिलान्यास कर सकते हैं।
जिसके लिए पुलिस-प्रशासन तैयारियों में जुटा हैं। ऊंचागांव में पीएसी कैम्प की भूमि पर सफाई कर्मचारियों द्वारा साफ-सफाई करा दी गई। वहीं सोमवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर व पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव कस्बा स्थित विजय सिंह पथिक राजकीय स्रातकोत्तर महाविद्यालय में पहुंचें।
यहां पर उन्होंने पूर्व में बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण करने के साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने महाविद्यालय परिसर में घूमकर सुरक्षा एवं भोगोलिक स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पब्लिक इंटर कालेज पहुंचें तथा यहां भी पूर्व में निर्मित हेलीपेड का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही, पब्लिक इंटर कांलेज के सामने स्थित जगदीश प्रसाद महाविद्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पर एसडीएम उदभव त्रिपाठी व कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा भी मौजूद रहें।
बता दें, तत्कालीन भाजपा सांसद हुकुम सिंह के निधन पर फरवरी 2018 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नाथ शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना देने उनके मायापुर स्थित फार्म हाउस पर पहुंचें थे, उस समय उनका हेलीकॉप्टर पब्लिक इंटर कालेज के मैदान पर उतरा था। यहां से मुख्यमंत्री कार से मायापुर फार्म हाउस पर पहुंचे थे।

