जनवाणी संवाददाता |
गागलहेड़ी/सहारनपुर: मंगलवार सुबह थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में एक कार के बुरी तरह जले होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल और क्षेत्राधिकारी सदर मनीष चंद पुलिस बल व फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वाहन के भीतर एक शव बरामद हुआ, जो पूरी तरह से जला हुआ था। पुलिस ने वाहन के विवरण के आधार पर उसके मालिक की पहचान कर ली है, जबकि मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



