जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आज शनिवार को तमिलनाडु के जिले कृष्णागिरी के होसुर में स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्लांट में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि, आग काफी भीषण है, जिसके चलते प्लांट में धमाके की सूचना मिली है। वहीं, आग से प्लांट में भारी नुकसान की आशंका है। बता दें कि, आग प्लांट के सेलफोन मैन्युफैक्चरिंग सेक्शन में लगी, जिसके बाद प्लांट के सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सुबह साढ़े पांच बजे लगी आग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। आग से प्लांट को भारी नुकसान हुआ है। आग शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे लगी। इसके बाद प्लांट से धुएं का गुबार उठता देखा गया। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग कंपनी के केमिकल गोदाम में लगी, जो धीरे-धीरे प्लांट के अन्य हिस्सों में भी फैल गई।
क्या बोले कंपनी प्रवक्ता?
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि आग लगने पर आपातकालीन प्रोटोकॉल का पालन किया गया और सभी कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई। आग लगने की वजह की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आग की घटना के चलते तीन कर्मचारियों को सांस संबंधी परेशानी हुई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है। मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात है।

