जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के सत्य विहार इलाके में शुक्रवार को एक नाइट क्लब में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद वहां मौजूद लोग घबरा गए, और मौके पर तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। आग से उठते धुएं की मोटी परत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में यह देखा जा रहा है कि आग किसी इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट, किचन में खराबी या किसी अन्य कारण से तो नहीं लगी। फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और इसे पास के भवनों तक फैलने से रोक दिया। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
गोवा हादसे के बाद सतर्कता
यह घटना गोवा में हाल ही में हुए नाइट क्लब आग हादसे के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें 25 लोग मौत के घाट गए थे। इस घटना के बाद ओडिशा फायर और इमरजेंसी सर्विसेज ने राज्यभर में सभी रेस्तरां और 100 से अधिक सीट वाले प्रतिष्ठानों का ऑडिट कराने का आदेश दिया था। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम भविष्य में आग जैसी घटनाओं को रोकने और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

