जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आज गुरुवार को दिल्ली मेट्रो के गोकुलपुरी स्टेशन पर हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि स्टेशन का एक हिस्सा गिर गया। इसके मलबे की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई है, वहीं, चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपको बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली में गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म की साइड वॉल का एक हिस्सा गर गया। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जिससे पांच लोग घायल हो गए, उन्हें तुरंत चिकित्सा के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। जहां, घायलों में से एक की मौत हो गई है।
फिलहाल पुलिस अधिकारी मौके पर हैं। सड़क को बंद कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद से इस लाइन में मेट्रो ट्रेन को फिलहाल सिंगल लाइन से संचालित किया गया। डीएमआरसी ने मामूली चोट के लिए एक लाख रुपये, गंभीर चोट के लिए पांच लाख रुपये और मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये की राशि देने का फैसला किया है।
निर्बाध यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए घटना के एक घंटे के भीतर तत्काल आधार पर सड़क से मलबा हटा दिया गया। डीएमआरसी ने गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन ढहने की घटना में 2 अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया है।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन की चारदीवारी (पूर्वी तरफ) का एक हिस्सा नीचे सड़क पर गिर गया। एक व्यक्ति मलबे में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य को मामूली चोटें आईं। पुलिस कर्मियों ने कुछ लोगों की मदद से मलबे में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला। जो घटना के वक्त अपनी स्कूटी पर सवार था। घायलों को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया है।
घायल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। जेसीबी और क्रेन की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और मेट्रो कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं। इस मामले में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

