- गांव के रास्त में घात लगाए बैठे थे आरोपी तीनों युवक
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: कांधला थाना क्षेत्र के गांव भनेड़ा निवासी अंकित (24) बुधवार की रात में अपने एक साथी के साथ बाइक से कनियान से गांव भनेड़ा लौट रहा था। जैसे ही बाइक सवार युवक गांव कनियान व भनेडा के रास्ते पर पहुंचे तो वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और हमला कर दिया। हमलावरों ने अंकित को दबोच लिया जबकि उसका साथी वहां से भाग निकला।
हमलावरों ने अंकित को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। वहीं अंकित के साथी की सूचना पर परिजन घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े जहां पर अंकित अचेत अवस्था में पड़ा था। आनन-फानन में परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही अंकित को कांधला सीएचसी में पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकित की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं मृतक अंकित के भाई दिनेश ने गांव के ही पंकज पुत्र चंद्रवीर, विनीत पुत्र अजीत व अर्जुन पुत्र योगेन्द्र को नामजद करते हुए कांधला थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

