जनवाणी ब्यूरो |
शामली: गांव ताना में छोटे भाई की गोली मारकर हत्या के प्रयास में आरोपी बड़े भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है।
गढ़ीपुख्ता थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि 16 जनवरी को थाना क्षेत्र के गांव ताना में पारिवारिक विवाद के चलते सतेन्द्र सिंह के बड़े पुत्र अंकुर खैवाल ने अपने छोटे भाई प्रियम खैवाल को पारिवारिक विवाद के चलते कमर पर तमंचे से गोली मारकर घायल कर दिया था।
घटना के संबंध में घायल पिता सतेन्द्र सिंह ने अपने पुत्र अंकुर खैवाल के खिलाफ गढ़ीपुख्ता थाने पर दो फरवरी को तहरीर दाखिल की थी। तहरीर के आधार पर थाना गढ़ीपुख्ता पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक शामली द्वारा थाना गढ़ीपुख्ता को अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया।
04 फरवरी को थाना गढ़ीपुख्ता पुलिस द्वारा ग्राम ताना में दबिश की कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अंकुर खैवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

