जनवाणी संवाददाता |
छपरौली: थाना क्षेत्र के शेरपुर लुहारा गांव निवासी निरंकार पुत्र रामेश्वर कौशिक की बारात शामली के एक फार्म हाउस में गई थी, जहां पर कुछ रिश्तेदारों के बीच डीजे पर डांस को लेकर गाली गलौज व मारपीट हो गयी। उसके बाद झगड़े से बचने के लिए शादी बीच में छोड़कर धर्मेश्वर व उसका बड़ा भाई परमेश्वर अपने बच्चों को लेकर अपने गांव लुहारा आ गया। शनिवार को रात करीब एक बजे धर्मेश्वर के ताऊ रामऋषि के साली का दामाद विशाल कुमार निवासी मोदीनगर 2-3 गाड़ियों में अपने दर्जनों साथियों के साथ लुहारा गांव पहुंचा। वहां पहुंचते ही दोनों पक्षों में गाली गलौज व लाठी डंडों व ईंट पत्थरों से जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि विशाल मोदीनगर ने अपने लाइसेंस हथियार से दनादन कई फायर किए जिसमें धनेश्वर की गोली लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से कई महिलाओं सहित आधार दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों का मोदीनगर और मेरठ में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को छपरौली में उपचार के लिए भेजा। इंस्पेक्टर देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की अभी कोई तहरीर नहीं आई।

