- जनता के दर्शन के दौरान डीएम का कार्यालय नही होगा बंद
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि जनता दर्शन के दौरान उनके कार्यालय का दरवाजा बन्द नहीं होगा, कोई भी व्यक्ति कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अपनी समस्या के समाधान के लिए उनसे सम्पर्क स्थापित कर सकता है। उन्होंने कहा कि बार एवं प्रशासन के मधुर सम्बन्धों एवं बेहतर तालमेल से वादों का गुणवत्तापरक एवं तत्परता के साथ निस्तारण संभव होता है।
उन्होंने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि वादों के गुणवत्तापरक निस्तारण एवं जन मानस की समस्याओं के निराकरण के लिए बार की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले सुझावों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया जाएगा।
डीएम उमेश मिश्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं समस्त अधिवक्तागणों का आहवान किया कि पर्यावरण स्वच्छता कार्यक्रम में जनसामान्य को करने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण कार्य के प्रति प्रेरित करने तथा निर्धन एवं असहाय वर्ग के लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में अपना सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि एक वृक्ष पर लाखों जीवों का प्रवास होता है और वायु प्रदूषण की शुद्वता के अलावा वृक्ष वायु में आक्सीजन की मात्रा में वृद्वि करते हैं, जो मानव के अलावा समस्त जीवों के लिए जीवन दायी है। बैठक के दौरान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी के सहयोग का हार्दिक स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय राणा, फकीर चन्द, विकास सिंह, मामराज सिंह सहित अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे।

