पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा
जनवाणी संवाददाता |
छुटमलपुर। एक झगड़े की सूचना पर कार्रवाई के लिए गई पुलिस की डायल 112 गाड़ी पर युवकों ने हमला बोल दिया और गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए गए। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बढेडी घोघू स्थित शराब के ठेके पर रात में करीब साढ़े दस बजे गांव का ही बिंदर शराब लेने आया था। बिंदर के अनुसार मामूली कहासुनी पर सेलमेन आशीष पुत्र नेत्रपाल व दो अन्यों ने उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। जिसकी सूचना उसने 112 पर दी। सूचना पर थाने में तैनात 973 नम्बर बोलेरो मौके पर पहुंची। बताया गया कि पुलिसकर्मी आरोपितों के घर पहुंचे। घर पहुंचकर जैसे ही मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया तो आरोप है कि आशीष पुत्र नेत्रपाल व दो अन्य युवकों ने पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चालक होमगार्ड विश्वास, हेड कांस्टेबल विपिन व कांस्टेबल रवि ने बामुश्किल अपनी जान बचाई। मौके से पुलिस ने आशीष पुत्र नेत्रपाल व एक नाबालिग को गिफ्तार कर लिया। जिन्हें मुकदमा लिखकर जेल भेज दिया गया है। जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।

