- टीकाकरण उत्सव के तहत आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: साहू जैन महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य डा. एके मित्तल के नेतृत्व एवं कार्यक्रम अधिकारी डा. नीलम बालियान के निर्देशन में टीकाकरण उत्सव के तहत लोगों को कोविड-19 संक्रमण से बचाव को टीकाकरण कराए जाने के प्रति जागरूक किया।
साहू जैन कालेज की राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र एवं छात्रा इकाई की ओर से टीकाकरण उत्सव के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। जिसके तहत 11 अप्रैल महात्मा ज्योतिबा फूले के जन्म दिवस से 14 अप्रैल बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के जन्म दिवस तक कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के टीकाकरण उत्सव के तहत कोविड-19 टीकाकरण एवं मास्क एवं सैनिटाइजर के अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गयी।
चार्ट प्रतियोगिता के माध्यम से स्वयं सेवक एवं स्वयंसेविका स्नेहा प्रवीन, आरती रानी, अर्चना, मोहित, वैशाली, पवन प्रीत कौर तथा राहुल ने चार्ट बनाए। लोगो को टीकाकरण एवं मास्क का उपयोग करने के प्रति जागरुक किया। प्राचार्य डा. एके मित्तल ने शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को मास्क का उपयोग करने एवं दो गज की दूरी का पालन करने की अपील की। डा. बलराम सिंह, डा. जैगम हुसैन, डा. गौतम बेनर्जी, डा. परमिल कुमार, डा. अनिल राजपूत, डा. पवन कुमार, डा. संतोष मिश्रा, डा. जयेश, डा. देवेन्द्र मौर्या ने छात्र छात्राओं का उत्साह वर्धन किया।

