जनवाणी संवाददाता |
भोपा: सिक्किम में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शहीद हुए युसूफपुर गाँव के लोकेश सहरावत के घर पर परिजनों को सांत्वना देने वालों का आना लगा हुआ है। शुक्रवार को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने घटना पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शहीद के परिजनों को सांत्वना दी वही अंत्येष्टि वाले स्थान पर जाकर दो मिनट का मौन धारण कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।
भोपा क्षेत्र के गांव युसुफपुर निवासी किसान चौधरी उदयवीर सिंह के एकलौते पुत्र लोकेश सहरावत स्पोर्टस कोटे से 2013 में मध्यप्रदेश के जबलपुर में 25 ग्रेनेडियर में सैनिक के पद पर भर्ती हुई थी और उनकी पोस्टिंग वर्तमान में नार्थ सिक्किम में थी। बीते 23 दिसंबर को सिक्किम में हुए बड़े सड़क हादसे में लोकेश सहरावत शहीद हो गए थे। बीते रविवार की सुबह उनके पार्थिव शरीर का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था।
शुक्रवार को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत व अखिल भारतीय जाट महासभा के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह, संगठन महासचिव धर्मवीर सिंह, गुजरात के निलेश भाई, प्रधान संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह राठी, भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, भोकरहेडी के अजय कुमार,चौधरी राकेश सिंह, डॉ.राजेन्द्र सिंह,धर्मपाल सिंह,अश्विनी कुमार आदि गांव में पहुंचे तथा घटना पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शहीद के परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान शहीद के पिता उदयवीर सहरावत, चाचा सतीश सहरावत, विकास कुमार, विभोर चौधरी, विकास कुमार, रणधीर सिंह ,प्रधान राजेन्द्र सिंह,बलराम, मनोज,सन्नी , अनुराग, हरीश, मनीष, अभिषेक आदि मौजूद रहे।
राजस्थान से आएगी शहीद की प्रतिमा, पुस्तकालय का होगा निर्माण
शहीद सैनिक लोकेश सहरावत की अंत्येष्टि वाले स्थान पर पुस्तकालय का निर्माण होने की संभावना है। अंत्येष्टि वाले स्थान पर दो मिनट का मौन धारण कर शहीद को श्रद्धांजलि देकर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने पुस्तकालय के निर्माण में पूर्ण सहयोग देने की बात कही है वही अंत्येष्टि वाले स्थान पर ही शहीद की प्रतिमा स्थापित की जाएगी जिसका निर्माण राजस्थान में करवाया जा रहा है।

