अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति 78 साल के हैं जो बाइडेन
127 साल पुरानी बाइबल पर हाथ रखकर ली शपथ
जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: डेमोक्रेट जोसेफ आर बाइडेन जूनियर यानी जो बाइडेन अमेरिकी इतिहास के सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति बन गए। वे 78 साल के हैं। कमला हैरिस ने बुधवार रात अमेरिका की 49वीं उपराष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। 56 साल की कमला हैरिस ने इसी के साथ इतिहास रच दिया। वे पहली महिला, अश्वेत और भारतवंशी उपराष्ट्रपति होंगी।
बाइडेन ने अपनी इनॉगरल स्पीच में कहा, ‘यह अमेरिका का दिन है। यह लोकतंत्र का दिन है। यह उम्मीदों का दिन है। आज हम किसी उम्मीदवार का जश्न मनाने नहीं जुटे हैं, हम लोकतंत्र के लिए जुटे हैं। हमने एक बार फिर सीखा है कि लोकतंत्र बेशकीमती है और नाजुक भी है, लेकिन लोकतंत्र यहां कायम है।’

‘कुछ दिन पहले ही यहां पर हुई हिंसा ने कैपिटल की बुनियाद को हिला दिया था, जबकि दो सौ साल से सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण हो रहा था। मैं दोनों दलों के पूर्व राष्ट्रपति का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा। उस प्रेसिडेंट को भी सलाम, जो यहां नहीं आए, लेकिन उन्हें अमेरिका की सेवा करने का मौका मिला।’
ओबामा, क्लिंटन और बुश भी पहुंचे
प्रेसिडेंट इलेक्ट जो बाइडेन और वाइस प्रेसिडेंट इलेक्ट कमला हैरिस शपथ ग्रहण समारोह के लिए पहुंच गए। उनसे पहले बिल क्लिंटन पत्नी हिलेरी के साथ पहुंचे। इसके कुछ देर बाद ही पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश पत्नी लाउरा बुश के साथ पहुंचे। बराक ओबामा और मिशेल भी यहां मौजूद हैं।
पत्नी जिल का हाथ थामे बाइडेन सीढ़ियां चढ़ते हुए। बाईं तरफ पर्पल कलर की ड्रेस में कमला हैरिस पति डग एमहॉफ का हाथ थामे नजर आ रही हैं।
शपथ ग्रहण के लिए पहुंचे जो बाइडेन (सबसे दाएं), साथ में पत्नी जिल नजर आ रही हैं। कमला हैरिस पति डग एमहॉफ (सबसे बाएं) के साथ पहुंचीं।
वाइस प्रेसिडेंट माइक पेन्स पहुंचे
डोनाल्ड ट्रम्प भले ही बाइडेन की इनॉगरेशन सेरेमनी से दूर हों, लेकिन उपराष्ट्रपति माइक पेन्स शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कैपिटल हिल पहुंच गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार सुबह अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में बम की अफवाह से दहशत फैल गई। इसके बाद नेशनल गार्ड्स ने मोर्चा संभाला और कुछ ही देर में सुप्रीम कोर्ट को खाली करा लिया गया।
डोनाल्ड ट्रम्प ने बाइडेन के लिए नोट छोड़ा
बाइडेन की शपथ से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फर्स्ट लेडी मेलानिया के साथ व्हाइट हाउस छोड़ दिया। जाते-जाते वे बाइडेन के लिए एक नोट भी छोड़ गए। उसमें क्या लिखा है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। 151 साल में यह पहला मौका है, जब कोई प्रेसिडेंट नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हो रहा। ट्रम्प से पहले एंड्रयू जॉनसन ने 1869 में नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण का बायकॉट किया था।
ट्रम्प ने सभी का शुक्रिया अदा किया
ट्रम्प हेलिकॉप्टर से एंड्रयूज एयरबेस पहुंचे। वहां से फ्लोरिडा के अपने रिजॉर्ट मार-ए-लेगो रवाना हो गए। एंड्रयूज एयरबेस पर ट्रम्प ने समर्थकों से कहा- आप लोगों ने बहुत मेहनत से काम किया। सभी का शुक्रिया। मेरे परिवार और मेरे दोस्तों का भी शुक्रिया। मेरे लिए ये कार्यकाल बहुत खास रहा है। हमने बहुत बेहतर तरीके से अमेरिका की सेवा की। हमने अमेरिकी फौज को री-बिल्ड किया।
ट्रम्प बोले- जल्द आपसे मिलेंगे
ट्रम्प ने कोरोना पर कहा, “आमतौर पर एक वैक्सीन डेवलप करने में 8-9 साल लग जाते हैं, लेकिन हम 9 महीने में वैक्सीन ले आए। अभी हमारे पास दो वैक्सीन हैं। आने वाले वक्त में और भी वैक्सीन हमारे पास होंगी। मैं हमेशा अमेरिकी नागरिकों के लिए लड़ाई लड़ता रहूंगा। हम आपको प्यार करते हैं और किसी न किसी रूप में वापस लौटेंगे। हम जल्द आपसे मिलेंगे।’
सेंट मैथ्यूज चर्च पहुंचे बाइडेन
जिस वक्त ट्रम्प व्हाइट हाउस से विदाई ले रहे थे, उसी वक्त जो बाइडेन सेंट मैथ्यूज चर्च पहुंचे। अमेरिकी इतिहास के वे सिर्फ दूसरे ऐसे राष्ट्रपति हैं, जो कैथोलिक हैं। बाइडेन ने यहां प्रेयर में हिस्सा लिया। उनके साथ कुछ डेमोक्रेट सांसद भी थे। खास बात यह है कि ट्रम्प के करीबी सहयोगी रहे मिच मैक्डोनेल भी उनके साथ थे। मिच ने ट्रम्प पर महाभियोग का समर्थन भी किया था।
बाइडेन की 11 अनसुनी बातें:स्कूल में साथी सरनेम का ‘बाय-बाय’ कहकर मजाक उड़ाते थे, दूसरी पत्नी को 5 बार प्रपोज किया था
ट्रम्प के 17 नए सांसद अब बाइडेन के साथ
ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी के 17 सांसदों ने प्रेसिडेंट इलेक्ट बाइडेन को एक लेटर लिखा है। CNN के मुताबिक, ‘इस लेटर में इन नए सांसदों ने साफ लिखा है कि वे भविष्य में बाइडेन का साथ देंगे। अमेरिका को एक ही चीज जोड़ सकती है। और ये किसी भी चीज से बड़ी है। देश को फिर उसी भावना के साथ महान बनाना है। हम आपके साथ हैं मिस्टर प्रेसिडेंट इलेक्ट।’
बाइडेन ने कहा- यह अमेरिका के लिए नया दिन
प्रेसिडेंट इलेक्ट जो बाइडेन ने शपथ से पहले सोशल मीडिया पर लिखा- यह अमेरिका के लिए नया दिन है। बाइडेन ने यह मैसेज डोनाल्ड ट्रम्प के व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद किया।
कोरोना पर सख्ती, बाइडेन टीम ने US सर्जन जनरल से इस्तीफा मांगा
व्हाइट हाउस में आने से पहले बाइडेन एक्शन में आते नजर आ रहे हैं। उनकी टीम ने वर्तमान सर्जन जनरल डॉक्टर जेरोम एडम्स से इस्तीफा देने को कह दिया है। खुद एडम्स ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। माना जा रहा है कि कोरोना से निपटने के तरीकों पर सख्ती के लिए यह कदम उठाया गया है।
40 साल में ऐसे बढ़ता गया भाषणों का समय
1940 से 1980 के बीच औसतन 1,612 शब्दों का उपयोग हुआ। 1980 से 2013 के बीच यह बढ़कर 2,120 शब्द हुए। 2013 में ओबामा का भाषण 20 मिनट का ही था। इस दौरान उन्होंने करीब दो हजार शब्द बोले थे।
सबसे लंबा भाषण
विलियम हेनरी हैरिसन का 1841 का भाषण। 1 घंटे 45 मिनट के भाषण में 8445 शब्द बोले। भीषण ठंड में बिना हैट और कोट पहने हैरिसन को बाद में निमोनिया हो गया था और राष्ट्रपति बनने के एक महीने बाद ही उनका निधन हो गया।
सबसे छोटा भाषण
पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन का भाषण। 1793 के इस भाषण में केवल 135 शब्द इस्तेमाल हुए।
टीवी पर देखा गया पहला भाषण
1949 में हैरी एस. ट्रूमैन का भाषण टीवी पर प्रसारित होने वाला ऐसा पहला भाषण था। उस समय अमेरिकी घरों में केवल 44 हजार टीवी सेट ही मौजूद थे।

