जनवाणी ब्यूरो |
हरिद्वार: भारतीय जनता पार्टी के 28 अक्तूबर से हरिद्वार जनपद में शुरू होने वाले मंडल प्रशिक्षण वर्ग की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि जिले के सभी मंडलों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्गों में सभी वक्ताओं की सूची प्रदेश नेतृत्व द्वारा जिले को भेज दी गई है।
जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत जनपद में मध्य हरिद्वार मंडल में 28 अक्तूबर को प्रेमनगर आश्रम में सुबह 10:30 बजे मंडल प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ज्वालापुर मध्य हरिद्वार, पिरान कलियर, रुड़की पूर्वी और रुड़की पश्चिम मंडल में प्रशिक्षण वर्गों को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करेंगे।
जिला महामंत्री विकास तिवारी ने बताया कि इसके अलावा प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख ज्योति प्रसाद गैरोला, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, विनय रोहिला, महापौर सुनील उनियाल गामा, ऋषिकेश की महापौर अनीता ममगाई, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र बिष्ट राज्य मंत्री दीप्ति रावत समेत अनेक वक्ता प्रदेश नेतृत्व द्वारा तय कर दिए गए हैं। जिन सभी के द्वारा हरिद्वार जिले के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण वर्ग में प्रशिक्षित किया जाएगा।

