नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल इस बार के दशहरे पर दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला का हिस्सा बनेंगे। दशहरा के दिन वह भव्य मंचन में रावण वध के गवाह बनेंगे। लव कुश रामलीला समिति ने उन्हें इस आयोजन के लिए आधिकारिक निमंत्रण भेजा था, जिसे अभिनेता ने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया है।
बॉबी देओल को दशहरे पर दिया आमंत्रण
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया ‘जब बॉबी देओल को दशहरे पर आमंत्रण दिया गया तो उन्होंने इसे पूरे उत्साह के साथ स्वीकार कर लिया। समिति का मानना है कि बॉबी देओल का इस ऐतिहासिक मंच पर आना रामलीला को और भी भव्य और यादगार बना देगा।’ दशहरे के दिन रामलीला को देखने के लिए दिल्ली समेत पूरे देश से लाखों दर्शक यहां आते हैं।
पिछले वर्ष अजय देवगन हो चुके शामिल
दिल्ली में आयोजित होने वाली लव कुश रामलीला देश की सबसे मशहूर रामलीलाओं में से एक है। इस रामलीला में सेलेब्स भी अभिनय करते हैं। हर साल यहां नामचीन हस्तियों को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया जाता है। पिछले वर्ष दशहरा के मौके पर मशहूर फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी और अभिनेता अजय देवगन आए थे।
बॉबी देओल का काम
बॉबी देओल के काम की बात करें तो वह अपनी वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ की सफलता से खुश हैं। यूजर्स इस पर अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने नेटफ्लिक्स की इस सीरीज से अपने निर्देशन की शुरुआत की है। 18 सितंबर को प्रीमियर हुए इस शो में बॉबी ने बॉलीवुड सुपरस्टार अजय तलवार की भूमिका निभाई है।
इन फिल्मों में आएंगे नजर
बॉबी देओल जल्द ही अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘बंदर’ में नजर आने वाले हैं। इसमें उनके साथ सान्या मल्होत्रा होंगी। यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है। यह समर नाम के एक टेलीविजन स्टार की कहानी है, जिसकी शोहरत कम होती जा रही है।
इसके अलावा वह तमिल फिल्म ‘जन नायकन’ का हिस्सा होंगे। इसमें उनके साथ विजय और पूजा हेगड़े होंगी।

