जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य यात्री घायल हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण इलाके के शिलापनी में एक दर्दनाक बस हादसा हुआ है। यहां एक बस खाई में गिर गई, जिससे सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के समय बस में लगभग 12 यात्री सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर रवाना हो गए हैं। वे घायलों को निकालने और उन्हें चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से सक्रिय हैं। स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दलों के प्रयासों से घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। फिलहाल, मृतकों और घायलों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

