Wednesday, March 4, 2026
- Advertisement -

कैंट बोर्ड खुद करेगा कूड़ा कलेक्शन

  • बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई चर्चा
  • खरीदेगा 40 ई-रिक्शा, फिलहाल 20 खरीदने की स्वीकृति

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: शनिवार को कैंट बोर्ड की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को चर्चा हुई तथा कैंट बोर्ड ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने कि खुद ही जिम्मेदार ली। अब सितंबर में प्राइवेट कंपनी का कूड़ा कलेक्शन का टेंडर पूरा हो रहा है। इसके बाद कैंट बोर्ड खुद कूड़ा कलेक्शन करेगा। साथ ही सॉलिड वेस्ट की योजना पर भी तेजी से काम किया जाएगा। कूड़ा कलेक्शन करने के लिए 40 ई-रिक्शा खरीदने पर भी स्वीकृति की मुहर लगा दी।

कहा गया कि कैंट क्षेत्र में करीब 16 दुकानें शराब बेचने की खुली हुई है, जिनमें से सिर्फ एक दुकान के पास ट्रेड लाइसेंस है, बाकी पर नहीं, जिन दुकानों के पास शराब बेचने का ट्रेड लाइसेंस नहीं है। उनको सील करने के भी स्वीकृति बोर्ड ने दे दी। कहा गया कि गड्ढा मार्केट के 59 दुकानदारों को मंगल पांडे बाजार में अस्थाई दुकान दी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक दुकानदार से एक लाख की फीस बोर्ड में जमा कराई जाएगी।

साथ ही 2 वाटर टैंक खरीदने पर भी विचार विमर्श किया गया। न्यूट्रिशन के लिए जो 13 फाइल आई है, उसको लेकर बोर्ड ने एक कैंट बोर्ड सदस्य डा. सतीश शर्मा की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने का भी निर्णय लिया। यह टीम मौके पर जाकर जांच करेगी कि म्यूटेशन सही हो रहा है या फिर नहीं। कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही मोटेशन किया जाएगा। इसके अलावा 60 म्यूटेशन की फाइलों को भी स्वीकृति दे दी गई।

01 18

ब्रिगेडियर राजीव कुमार की अध्यक्षता में चली मीटिंग ढाई घंटे चली। मीटिंग का संचालन कैंट बोर्ड के सीईओ ज्योति कुमार ने किया तथा बोर्ड के मनोनित सदस्य डा. सतीश शर्मा ने भी कई मुद्दे उठाये। कूडा कलेक्शन प्राइवेट कंपनी करती थी, उसे कैंट बोर्ड प्रत्येक माह 18.57 लाख रुपये दिये जाते थे। करीब चालीस लाख रुपये उपकरणों की खरीद पर खर्च करेगा तथा खुद ही कूडा कलेक्शन करने का निर्णय कैंट बोर्ड ने लिया हैं।

सुरक्षा को लेकर सतर्कता जरूरी

कैंट क्षेत्र में घोड़ा बुग्गी लगाकर फल बेचने पर भी आपत्ति जताई गई। कहा गया कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। सिर्फ अस्थाई कुछ लोगों को अनुमति दी जा सकती है। इस पर भी बातचीत हुई, लेकिन बाद में तय हुआ कि कैंट क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी बाहरी आदमी को रहने से पहले उसकी छानबीन की जानी चाहिए।

पुलिस से भी उसका वेरिफिकेशन कराया जाए। क्योंकि रोहिंग्या और पाकिस्तानी भी कैंट क्षेत्र में कहीं पर किसी भी मकान को खरीद कर रह सकते हैं। इस पर निगाहें रखनी आवश्यक हैं। इसकी भी जांच होनी चाहिए। सुरक्षा की दृष्टि से तमाम जांच पड़ताल कराई जानी चाहिए। जीएलआर में 13 केस की एंट्री और म्यूटेशन को लेकर भी चर्चा हुई।

स्कूल में बनेंगे सात कमरे

बोर्ड की बैठक में आधार शिला पब्लिक स्कूल की प्रथम मंजिल पर 7 कमरे बनाने की भी स्वीकृति दी गई। कहा गया है कि आधार शिला पब्लिक स्कूल में छात्रों की संख्या बढ़ रही है। यह कैंट बोर्ड का ही स्कूल है। इसके अलावा कैंट बोर्ड के 3 प्राइमरी स्कूल है, जिनमें ज्यादा छात्रों की संख्या नहीं है।

पार्किंग और तहबाजारी को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें 30 सितंबर को खत्म हो रही तहबाजारी के टेंडर को लेकर पुन: टेंडर करने के लिए कहा गया तथा ठेकेदार के 15 लाख एफडीआर के रूप में जमा होना बताया गया। कहा गया कि यदि ठेकेदार नियमों का पालन नहीं करता है तो उसकी जमानत राशि जब्त की जाए। पार्किंग को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें पार्किंग के टेंडर किया जाए तथा किस हिसाब से पार्किंग वसूली जाए, उसको लेकर भी चर्चा की गई।

22-बी का भी उठा मुद्दा

बोर्ड के मनोनित सदस्य डा. सतीश कुमार ने 22-बी पर सील क्यों नहीं लगी? यह भी पूछ लिया। इसको लेकर कैंट बोर्ड सीईओ ज्योति कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि फोर्स की मांग कर रखी हैं। फोर्स नहीं मिली। जिस दिन फोर्स मिल जाएगी, तभी 22-बी पर सील लगा दी जाएगी।

आवारा पशुओं पर चर्चा

कैंट क्षेत्र में आवारा पशुओं का मुद्दा भी उठा। कहा गया कि कैंट में जिस तरह से आवारा गाय घूम रही है, उन पर अंकुश लगाया जाए। आर्मी क्षेत्र में भी आवारा पशुओं की घुसपैठ बढ़ रही है। इनको काजी हाउस में बंद करने पर भी विचार किया गया। हालांकि इसको लेकर कैंट बोर्ड के कर्मचारी सहमत नहीं हुए।

भाजपा कैंट विधायक ब्रिगेडियर से मिले

कैंट बोर्ड की बैठक आरंभ होने से पहले भाजपा कैंट विधायक अमित अग्रवाल ब्रिगेडियर राजीव कुमार और सीईओ ज्योति कुमार से मिले। उनके सामने कैंट क्षेत्र में नालों की सफाई नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। विधायक ने कहा कि सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत हैं। कैंट के कुछ वार्डो में जलभराव की समस्या हैं। नालों की सफाई नहीं हुई। ऐसे में पानी की निकासी नहीं हो पाती हैं। विधायक के जाने के बाद बोर्ड बैठक आरंभ हुई, जिसमें ब्रिगेडियर ने इस मुद्दे को बोर्ड में उठाया तथा कैंट क्षेत्र के नालों की सफाई को वरीयता देने के लिए कहा।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Chandra Grahan 2026: ग्रहण समाप्ति के बाद तुरंत करें ये 5 काम, जीवन में सुख-शांति का होगा वास

नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत...

US: टेक्सास में गोलीबारी में भारतीय मूल की छात्रा समेत चार की मौत, 14 घायल

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: अमेरिका के टेक्सास राज्य की...
spot_imgspot_img