- मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछा दिया था जाल, भेजा जेल
जनवाणी संवाददाता |
तीतरो: पुलिस वर्दी का रौब दिखाकर अवैध वसूली करने वाला फर्जी दारोगा गिरफ्तार कर लिया गया। तीतरो पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया है। दारोगा के कापस से परिचय-पत्र, वर्दी व बाइक तथा अन्य सामान बरामद हुआ है।
मुखबिर के जरिये पुलिस को सूचना मिली थी कि कस्बा निवासी एक व्यक्ति उत्तर प्रदेश पुलिस की फर्जी वर्दी पहन कर वसूली करता है। उसके पास फर्जी आईकार्ड भी है। ऐसे में पुलिस ने जाल बिछा दिया। तभी पता चला कि माधोपुर निवासी अंकित मोहल्ला अफगानान की मीनू से यह फर्जी दारोगा वसूली करने पहुंचा है।
पुख्ता सूचना पर तीतरो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम नंदकिशोर पुत्र बलजोर मोहल्ला महाजनान बताया। पुलिस ने फर्जी दारोगा के पास से उत्तर प्रदेश पुलिस की पूरी वर्दी, एक बेल्ट, दो अदद जूते, दो आधार कार्ड, उप निरीक्षक का पहचान पत्र, मोबाइल तथा एक बाइक भी बरामद किया है।
कोतवाल विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी नंद किशोर कश्यप के खिलाफ 419/420/467/ 468/ 389/170/ 171 आईपीसी की धारा के अंतर्गत केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। कोतवाल विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि नंदकिशोर शामली, नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज आदि जनपदों में पुलिस की वर्दी का ड्रॉप डालकर अपनी फर्जी आईडी दिखाकर वसूली करता था। फिलहाल, उसे जेल भेज दिया गया है।
दिल्ली से लाया था वर्दी और बन गया दारोगा
लगभग 15 दिन पहले नंदकिशोर दिल्ली पुलिस में कार्यरत अपने एक मित्र के पास गया था और वहां से वर्दी लाया था। इसके बाद उसने चार स्टार तथा बैज भी खरीदे। इसके बाद से वह लगातार अपने परिचितों रिश्तेदारों के ऊपर उत्तर प्रदेश पुलिस में नियुक्त होने का रौब डालकर उन्हें डरा धमका रहा था। इतना ही नहीं कल नंदकिशोर इसी वर्दी को पहन कर कस्बे के मेन बाजार में भी बड़े रौब के साथ घूम कर गया था। लोगों ने जब उससे वर्दी पहनने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह पुलिस में भर्ती हो गया है।

