- बदमाश ने महिला की कनपटी पर मारी तमंचे की बट
- नौचंदी क्षेत्र में नहीं रुक रही चेन व मोबाइल लूट की वारदात
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नौचंदी थाना क्षेत्र में चेन व मोबाइल लूट की वारदाते थमने का नाम नहीं ले रही है। कुछ दिनों पहले सरेराह एक शिक्षिका से चेन लूट ली गई थी। जबकि मंगलवार को अपने बच्चे के साथ घर के बाहर टहल रही एक महिला से नकाबपोश बदमाश ने चेन लूट ली। यही नहीं महिला ने जब विरोध किया तो बदमाश ने उसकी कनपटी पर तमंचा की बट से प्रहार कर नीचे गिरा दिया।
थाना क्षेत्र की सेंट्रल मार्केट की चौकी के पीछे शिव पार्क सेक्टर-एक शास्त्रीनगर में तीन गेट है। जिनमें से एक गेट हमेशा बंद रहता है और बाकी दो गेटों को बारी-बारी से खोला जाता है। मंगलवार शाम पांच बजे सेक्टर-एक में रहने वाली सरूची पत्नी सपन कुमार वर्मा अपने बच्चे के साथ घर के बाहर टहल रही थी।
इसी दौरान नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने नीचे उतरकर महिला के पास पहुंचा और उसकी चेन तोड़ने लगा। महिला ने बदमाश का विरोध किया तो बदमाश ने उसकी कनपटी पर तमंचे की बट मार दी, जिससे वह नीचे गिर पड़ी। इसके बाद बदमाश साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
बदमाशों की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। लूट की सूचना थाना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता से मामले की जानकारी ली। इसके बाद सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार का कहना है कि फुटेज के माध्यम से बदमाशों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुम्बई पुलिस से फास्ट मेरठ पुलिस, तीन घंटे में पकड़ा वाहन चोर
वैसे तो मेरठ पुलिस पर आए दिन किसी न किसी मामले में आरोप-प्रत्यारोप लगते रहते हैं। इसके बावजूद पुलिस कभी-कभी ऐसा भी काम कर देती है कि उनकी हर ओर वाहवाही होती है। ऐसा ही एक कारनामा सिविल लाइन पुलिस ने कर दिखाया है। बाइक चोरी की शिकायत दर्ज करने के तीन घंटे बाद ही पुलिस ने चोरी की बाइक समेत वाहन चोर को धर दबोचा है। पुलिस ने पकड़े गए वाहन चोर को न्यायालय में पेश कर दिया है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
सिविल लाइन इंस्पेक्टर रमेश चंद शर्मा ने बताया कि मंगलवार की सुबह थाना क्षेत्र के मोहल्ला बसंत विहार यादगार पुर के रहने वाले अमर कुशवाह पुत्र स्व. फतेह सिंह ने शिकायत दी कि घर के बाहर से उनकी बाइक चोरी हो गई है। चोरी की शिकायत दर्ज करने के बाद उन्होंने पुलिस टीम का गठन कर वाहन चोर की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने मात्र तीन घंटे में वाहन चेकिंग के दौरान साकेत चौपले से जितेंद्र चौहान पुत्र संतोष कुमार चौहान निवासी जे-ब्लॉक पांडव नगर यादगारपुर को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने वाहन चोर से पूछताछ कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
कुंडल लूट कर भाग रहे बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़ा
थाना क्षेत्र के कुंडा गांव में मंगलवार दोपहर पानी पीने के बहाने घर में घुसकर महिला से कुंडल लूटकर भाग रहे बाइक सवार लुटेरे को गांव के ही एक युवक और व उनके साथियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कुंडा गांव निवासी महिला सुनीता पत्नि बिजेंद्र कसाना घर में अकेली थी।
तभी एक बाइक सवार युवक पानी पीने के बहाने उनके घर मे घुस गया और चाकू की नोंक पर महिला के उसके दोनो कानों के कुंडल छीनकर भागने लगा, तभी महिला ने शोर मचाया तो काफी लोगों ने बाइक सवार लुटेरे का पीछा किया। जैसे ही लुटेरा गांव के बाहर निकलने वाला था तभी सामने से आ रहे गांव के ही प्रदीप कसाना ने गाडी को बीचो बीच करने के बाद रोक दी तो लुटेरा बाइक को छोड़कर भागने लगा तो प्रदीप कसाना व उनके साथियों ने लुटेरे का काफी दूर तक पीछा किया और आरोपी लुटेरों को धर दबोचा और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की पूछताछ मे लुटेरे ने अपना नाम साजिद निवासी खंडौली बताया। लुटेरे की बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। महिला ने थाने पर घटना की तहरीर दी है। पकडेÞ गए लुटेरे से पुलिस पूछताछ करने में जुटी हुई है। इंस्पेक्टर परतापुर शैलेंद्र प्रताप का कहना है कि पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है। कुछ और घटनाओं को इसने कबूल किया है।
पुलिस ने दो लुटेरे दबोचे, लूट का माल बरामद
लिसाड़ी गेट पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से लूट का माल भी बरामद किया है। इंस्पेक्टर उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि दो दिन पहले एक युवक अपने घर से आॅटो रिक्शा में बैठकर अपनी ससुराल समर कॉलोनी जा रहा था। जब आॅटो सरकारी ट्यूबवेल के पास पहुंचा तो उसमें एक युवक और बैठ गया और दो युवक स्कूटी से पीछे-पीछे चल दिए।
योजना के अनुसार आॅटो के कुछ दूर और चलने पर तीनों युवकों ने उसे रुकवा लिया। इसके बाद युवक से चमड़े का बैग लूटकर फरार हो गए थे। बैग में 1540 रुपये नकद, आधार कार्ड और आईडी कार्ड की फोटो कॉपी व तीन जोड़ी कपड़े थे। पुलिस टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कांच का पुल से दो आरोपी दानिश पुत्र मोहम्मद नवी निवासी विकासपुरी और शान मोहम्मद पुत्र मंजूर अहमद निवासी कांच का पुल को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों लुटेरों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

