Friday, March 6, 2026
- Advertisement -

श्रीरामलीला से पहले ‘महाभारत’ के आसार

  • पहले जगन्नाथ की शोभायात्रा और अब श्रीरामलीला को लेकर तलवारे म्यान से बाहर आने की आहट

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: छावनी श्रीरामलीला से पहले महाभारत के आसार नजर आ रहे हैं। इस साल श्रीरामलीला कौन करे? इसको लेकर भी विवाद के आसार नजर आने लगे हैं। जो हालात नजर आ रहे हैं, उसके चलते यह भी संभव है कि इस बार कोई नयी कमेटी या सदर छावनी के कुछ नए लोगों को छावनी श्रीरामलीला की जिम्मेदारी दे दी जाए। सदर स्थित बिल्लवेश्वर नाथ मंदिर से निकाली जाने वाली जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर हुई घमासान लोगों के जहन से अभी मिट भी नहीं पायी है कि श्रीरामलीला को लेकर महाभारत सरीखे हालात नजर आ रहे हैं।

दरअसल, इसकी सुगबुगाहट की शुरुआत कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष व भाजपा नेता दिनेश गोयल तथा सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता राशि शर्मा व कई अन्य के द्वारा छावनी श्रीरामलीला के आयोजकों से चंदे का हिसाब मांगे जाने के बाद से हुई है। एक दिन पहले यानि शुक्रवार को इसको लेकर प्रेसवार्ता कर दिनेश गोयल, राशि गोयल व अन्य ने छावनी श्रीरामलीला कमेटी को खुली चुनौती दे डाली है।

प्रशासन और कैंट बोर्ड की अनुमति

कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश गोयल के आरोप को लेकर पलटवार करते हुए कहा कि सारे फसाद की जड़ उनकी कमेटी प्रशासन व कैंट बोर्ड से मिली श्रीरामलीला आयोजन की अनुमति है। दो दिन पहले यह अनुमति जिला प्रशासन व कैंट बोर्ड से ली गयी है। जो लोग आरोप लगा रहे हैं, वो भी अनुमति के लिए हाथ-पैर मार रहे थे, लेकिन उनको उल्टे पैर लौटा दिया गया।

जहां तक डेढ़ दो करोड़ के चंदे का सवाल है तो चार छह लाख रुपये तो वह खुद अपनी पास से खर्च करने की कूबत रखते हैं। एक अक्तूबर से छावनी श्रीरामलीला का आयोजन शुरू होने जा रहा है। भव्य आयोजन कर आलोचकों को करारा जवाब दिया जाएगा। अर्नगल आरोपों का जवाब दिया जाना मुनासिब नहीं।

जिला अस्पताल की इंचार्ज डाक्टर के बेटे से मारपीट

मेरठ: लोहिया नगर थाना के बिजली बंबा बाइपास स्थित सुपरटेक ग्रीन विलेज में जिला अस्पताल की डायलेसिस इंचार्ज डा. श्वेता शर्मा के 15 वर्षीय पुत्र और बच्चों के बीच हुए विवाद में एक दूसरे बच्चे के पिता ने दीपक को बुरी तरह पीट दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि इतना ही नहीं डायल 112 पर कॉल कर उल्टे दीपक ने उसके खिलाफ ही शिकायत कर दी। इसके लेकर वहां दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। सोसाइटी का यह विवाद थाने तक जा पहुंचा। दोनों पक्ष थाना लोहिया नगर पहुंच गए। थाने में भी उनके बीच जमकर कहासुनी व हंगामा हुआ। नौबत पुलिस के सामने मारपीट की आ गयी। बाद में पुलिस ने दोनों को कानून की भाषा में समझा-बुझाकर समझौता कर दिया गया है।

डिग्री कॉलेज में घुसकर तोड़फोड़ फायरिंग

सरधना: शनिवार को रार्धना गांव स्थित शहीद भगत सिंह गर्ल्स डिग्री कॉलेज में घुसकर कुछ लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं वहां तैनात चौकीदार पर फायरिंग कर दी। उसने किसी तरह छत से कूदकर अपनी जान बचाई। कोतवाली क्षेत्र के रार्धना गांव में शहीद भगत सिंह गर्ल्स डिग्री कॉलेज है। कॉलेज के प्राचार्य डा. मनोज कुमार ने बताया कि शनिवार को चौकीदार अपने काम में लगा हुआ था। तभी करीब आधा दर्जन लोग वहां पहुंचे और प्राचार्य आॅफिस में जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं कई रजिस्ट्रर कब्जे में ले लिए।

शोर सुनकर चौकीदार उस ओर दौड़ा तो आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी। चौकीदार जान बचाने के छत पर पहुंच गया। आरोप है कि हमलावरों ने वहां भी जाकर फायरिंग की। उसने किसी तरह छत से कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। कॉलेज प्रबंधन द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घटनास्थल की जांच करके लौट आई। प्राचार्य ने कोतवाली में घटना की तहरी दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में लगी है। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।

मारपीट के आरोपियों पर मुकदमा

मेरठ: लिसाड़ीगेट थाना के मदीना कालोनी इलाके में महिला व उसके शौहर से मारपीट करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित आमीर पुत्र निसार निवासी इंद्रा चौक दरी वाली गली ने तहरीर में बताया कि वह पत्नी अनम के साथ मदीना मस्जिद इलाके में रहने वाली अपनी बहन के यहां गया था। वहां पर उसकी बहन आफरीन पत्नी जावेद की पड़ोस में रहने वाली महिला गुलबहार से कुछ कहासुनी हो गयी। जिसको लेकर गुलबहार, उसके पति महबूब व अन्य लोगों ने उन्हें लाठी-डंडों से पीटा। वह बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दहेज उत्पीड़न का आरोप, पांच नामजद

किठौर: एक विवाहिता ने अपने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न, हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए। दो महिलाओं समेत पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। असीलपुर निवासी अब्दुल गफ्फार की बेटी शगुफ्ता ने थाना किठौर में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी खतौली निवासी दिलशाद पुत्र हमीद से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही विवाहिता का पति, ससुर, सास बानों, जेठ नौशाद, जेठानी आसमीन दहेज में बुलेट और चार लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करते, जान से मारने की धमकी देते थे।

आरोप है कि ससुरालियों ने जबरन उसका गर्भपात भी कराया। पति तीन तलाक देने की धमकी देता है। पीड़िता का पिता दिलशाद को 70 हजार रुपये नकदी भी दे चुका है। इसके बावजूद ससुरालियों ने 12 अप्रैल को उसे जेवरात छीनकर घर से निकाल दिया। पीड़िता के ससुराल वाले उसे जलाकर या गर्दन काटकर मारने की धमकी देते हैं। इंस्पेक्टर मिथलेश उपाध्याय का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Jagdalpur: नक्सलियों को लगा झटका, नेपाल से गणपति गिरफ्तार, 15 नक्सली दे सकते हैं आत्मसमर्पण

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: नक्सलियों के मस्तिष्क और रणनीतिक...

‘हमारे घर तक आ गई जंग’, पश्चिम एशिया संकट पर राहुल ने पीएम मोदी से पूछा सवाल

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में...

Sonu Sood: सोनू सूद ने फिर दिखाई इंसानियत, दुबई फंसे लोगों को मदद का दिया भरोसा

नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत...
spot_imgspot_img