जनवाणी संवाददाता |
शामली: कोहरा और कड़ाके की ठंड के चलते शीतकालीन अवकाश के करीब 20 दिन बाद सोमवार को स्कूल खुले तो बच्चे खिलखिलाते हुए स्कूल पहुंचे। सोमवार को दिनभर मौसम साफ रहा और धूप भी खिली रही जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिली है।
भीषण ठंड के प्रकोप को देखते हुए 27 दिसंबर 2022 को जिलाधिकारी जसजीत कौर के आदेश पर शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा एक से 8 तक के समस्त बोर्डो के स्कूलों का अवकाश घोषित कर दिया गया था। यही नहीं शीत लहर के बढ़ते प्रकोप के कारण इंटरमीडिएट तक के स्कूलों को भी बंद किया गया। शीतकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद सोमवार को करीब 20 दिनों के बाद स्कूल खुलने से स्कूलों में बच्चों के पहुंचने से एक बार फिर रौनक लौट आई। सवेरे 10 बजे स्कूल पहुंचे बच्चों और शिक्षकों ने प्रार्थना सभा में देश की खुशहाली की प्रार्थना की।
इसके बाद शिक्षण कार्य शुरू हुआ। अपने दोस्तों को देख बच्चे काफी खुश थे। एक दूसरे के साथ बच्चों ने स्कूलों में जमकर मस्ती की और पढाई की। हालाकि पहले दिन स्कूलों में बच्चों की संख्या कम थी, लेकिन उसके बावजूद शिक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया।

