Home Uttar Pradesh News Saharanpur Saharanpur News: नगर विधायक राजीव गुंबर ने गोपाल नगर और शुगर मिल क्षेत्र का किया निरीक्षण

Saharanpur News: नगर विधायक राजीव गुंबर ने गोपाल नगर और शुगर मिल क्षेत्र का किया निरीक्षण

0
Saharanpur News: नगर विधायक राजीव गुंबर ने गोपाल नगर और शुगर मिल क्षेत्र का किया निरीक्षण

जनवाणी संवाददाता |

सहारनपुर: गोपाल नगर और शुगर मिल क्षेत्र के निवासियों की शिकायत पर नगर विधायक राजीव गुंबर ने रविवार को सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। क्षेत्रवासियों ने विधायक को बताया कि सड़क निर्माण का कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है और धीमी गति से चलने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।इस दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक के सामने अपनी परेशानियाँ रखीं। उन्होंने बताया कि सड़क अधूरी होने के कारण बरसात में कीचड़ और जलभराव हो जाता है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार बच्चों और बुजुर्गों को गिरकर चोट लग चुकी है।

क्षेत्रवासियों ने यह भी कहा कि सड़क के दोनों ओर टाइलें और नालियाँ न होने से समस्या और गंभीर होती जा रही है। बीजेपी विधायक राजीव गुंबर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बातचीत कर कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए होते हैं, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने सड़क के दोनों ओर टाइलें लगाने और नाली निर्माण करने को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।विधायक राजीव गुंबर ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि सड़क और नाली का कार्य जल्द पूरा होगा। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे और जहां भी ढिलाई होगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

लोगों ने कहा कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद है कि अब सड़क और नाली का कार्य तेजी से पूरा होगा और लंबे समय से चली आ रही परेशानी से निजात मिलेगी।इस दौरान भाजपा नेता पाली कालड़ा, राजेंद्र गुंबर और मनोहर लाल भी मौजूद रहे। उन्होंने भी क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीर मानते हुए अधिकारियों से कार्य को तेज़ी से कराने की अपील की।