जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार पटेल राष्ट्रीय दिव्यांग टी-20 कप के दूसरे संस्करण का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दिव्यांगजन की प्रतिभा को बहुत नजदीक से पहचाना है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री ने विकलांग शब्द को दिव्यांग नाम दिया है। प्रधानमंत्री की इस संवेदनशीलता ने हमारे दिव्यांगजनों के मन में जोश भरने का कार्य किया है। सरकारी नौकरी में दिव्यांगों के आरक्षण में बढ़ोत्तरी की गयी है।
साथ ही, दिव्यांगों की श्रेणी में भी बढ़ोत्तरी की गयी है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय दिव्यांग टी-20 कप की ब्राण्ड एम्बेसेडर पद्मश्री,खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पैरालम्पिक खिलाड़ी डॉ. दीपा मलिक स्वयं दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा की स्रोत हैं। सीएम ने यह भी बताया कि प्रदेश के 10 लाख दिव्यांगजन को राज्य सरकार हर माह 1 हज़ार रुपये पेंशन प्रदान कर रही है। साथ ही, छात्रवृत्ति, विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण की व्यवस्था और सभी जनपदों में दिव्यांगजन कल्याण के विभिन्न कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। गौरतलब है कि राष्ट्रीय दिव्यांग टी-20 कप में 40 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। यह क्रिकेट प्रतियोगिता 7 नवम्बर तक आयोजित की जाएगी।

