- एमएलसी ने सड़क सुरक्षा प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
- आडियो के माध्यम से आमजन को करेंगे जागरूक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: प्रदेश में 21 जनवरी से 20 फरवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, जिसके अर्न्तगत जनपद में आॅनलाइन लिंक के माध्यम से सीएम द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के लाइव उद्घाटन कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित सभी विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
इस कार्यक्रम में सीएम द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के दृष्टिगत संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई किये जाने के सम्बन्ध में निर्देशित किया गया। तत्पश्चात सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसके मुख्य अतिथि डा. सरोजिनी अग्रवाल, सदस्य विधान परिषद रहीं।
मुख्य अतिथि एवं अन्य द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों के पालन करने के सम्बन्ध में जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा छात्रों को बिना लाईसेंस प्राप्त करे वाहन न चलाने की अपील की गयी। मुख्य अतिथि द्वारा सड़क सुरक्षा प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रचार रथ द्वारा शहर के मुख्य स्थानों पर आॅडियो के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जायेगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी को यातायात नियमों के पालन सम्बन्धी शपथ दिलायी गयी। मंच का संचालन सुनील शर्मा, मुख्य यातायात प्रशिक्षक, मिशिका सोसाइटी द्वारा किया गया।
उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से शहीद मंगल पांडेय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को जागरूक किया गया। एनएचएआई के सहयोग के सहयोग से सिवाया टोल प्लाजा (एनएच-58) पर चालकों के लिए नि:शुल्क नेत्र परीक्षण का आयोजन किया गया, जिसमें 50 चालकों का नेत्र परीक्षण किया गया।
प्रचार वाहन एवं पम्पलेट वितरण के माध्यम से आमजनों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मदन सिंह गबरयाल, पुलिस अधीक्षक (यातायाात) जेके श्रीवास्तव, मेरठ, संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) दिनेश कुमार, प्रधानाचार्य सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल प्रेम मेहता, अमित नागर, जीएम, टोल प्लाजा, वैभव शर्मा, यात्रीकर अधिकारी, सुधीर सिंह, पिंकी चिन्योटी, यातायात प्रशिक्षक अमित तिवारी आदि उपस्थित रहे।

