जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक के कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र कुमार उर्फ ‘पप्पी’ को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया है। विधायक को सिक्किम की राजधानी गंगटोक से उस समय हिरासत में लिया गया, जब वे अपने सहयोगियों के साथ एक कसीनो को लीज पर लेने के उद्देश्य से व्यवसायिक दौरे पर थे।
ईडी के अनुसार, वीरेंद्र कुमार की गिरफ्तारी अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी रैकेट से जुड़ी चल रही धन शोधन जांच के तहत की गई है। शुक्रवार को ईडी ने देशभर के विभिन्न राज्यों में छापेमारी की और इस दौरान..
₹12 करोड़ नकद (जिसमें ₹1 करोड़ की विदेशी मुद्रा भी शामिल है),
₹6 करोड़ मूल्य के सोने के आभूषण,
करीब 10 किलो चांदी,
और चार लग्ज़री वाहन जब्त किए।
30 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी, कई शहर शामिल
बेंगलुरु स्थित ईडी कार्यालय की जांच के तहत शुक्रवार को कुल 30 स्थानों पर छापेमारी की गई। इनमें शामिल हैं…
चित्रदुर्ग में 6 स्थान,
बेंगलुरु में 10 स्थान,
जोधपुर में 3,
हुबली में 1,
मुंबई में 2,
और गोवा में 5 प्रमुख कैसीनो..
पपीज कैसीनो गोल्ड
ओशन रिवर्स कैसीनो
पपीज कैसीनो प्राइड
ओशन 7 कैसीनो
बिग डैडी कैसीनो
ईडी ने कहा कि यह नेटवर्क कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स जैसे King567, Raja567, Puppy’s003 और रत्ना गेमिंग के नाम से प्लेटफॉर्म चला रहा था।
परिवार और सहयोगी भी जांच के दायरे में
ईडी के अनुसार, विधायक के भाई केसी नागराज और उनके बेटे पृथ्वी एन. राज के ठिकानों से भी संपत्ति से संबंधित कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। एक अन्य भाई केसी थिप्पेस्वामी दुबई से ऑनलाइन गेमिंग संचालन में संलिप्त पाया गया है।
गिरफ्तारी के बाद विधायक वीरेंद्र कुमार को गंगटोक में न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से ईडी को उन्हें बेंगलुरु की विशेष अदालत में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड मिल गया है।
राजनीतिक हलकों में हलचल
कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी ने कर्नाटक की राजनीति में हलचल मचा दी है। केसी वीरेंद्र कुमार चित्रदुर्ग विधानसभा सीट से विधायक हैं और सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। विपक्ष ने इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस से जवाब मांगना शुरू कर दिया है, वहीं पार्टी की ओर से फिलहाल कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
जांच अभी जारी है, और ईडी ने संकेत दिया है कि इस नेटवर्क से जुड़े अंतरराष्ट्रीय लिंक और बड़े पैमाने पर कालेधन की हेराफेरी की परतें जल्द ही सामने लाई जाएंगी।

