लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित दारुल शफ़ा विधायक निवास के मीटिंग सभागार में समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एवं PDA संविधान रक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक व पूर्व मंत्री राजेंद्र कुमार ने की जबकि पूर्व सांसद व वरिष्ठ सपा नेता हाजी फ़ज़लूर्रहमान मुख्य अतिथि रहे।समारोह को संबोधित करते हुए सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राहुल भारती ने कहा कि “बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और डॉ. राममनोहर लोहिया के सपनों को PDA समाज साकार करेगा।
समय आ गया है कि संविधान की रक्षा और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए समाजवादी पार्टी से जुड़ा जाए। उत्तर प्रदेश की तरक्की के लिए सपा सरकार का आना आवश्यक है। सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि मौजूदा सरकार PDA समाज के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने शिक्षा और वैज्ञानिक सोच अपनाने पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता आज गरीबों, दलितों और मज़दूरों के मसीहा अखिलेश यादव की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है।
विधायक राघवेंद्र गौतम, बृजेश कठेरिया और अंकित भारती सहित कई जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि अनुसूचित जाति समाज बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर प्रदेश में बदलाव की लहर पैदा करेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद हाजी फ़ज़लूर्रहमान ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर और डॉ. लोहिया ने सदैव शोषित और पिछड़े समाज के लिए संघर्ष किया। उनके सपनों को आगे बढ़ाने का कार्य नेताजी मुलायम सिंह यादव और कांशीराम ने किया था, जिसे आज अखिलेश यादव आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज ने सपा और इंडिया गठबंधन का समर्थन किया और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी।इस अवसर पर लोधी राकेश राजपूत (राष्ट्रीय सचिव सपा), सिद्धार्थ सिंह (राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड), पूर्व विधायक माविया अली, किशन सिंह जाटव, मास्टर सत्यपाल सिंह, ऊषा सेन, चंद्रशेखर यादव, इसरार चौधरी सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।

