जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना वायरस के कारण संक्रमितों की संख्या दिन—प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। एक जुलाई से लेकर अब तक दो हजार से अधिक लोग संक्रमण के शिकार हो चुके हैं।
शनिवार को हुई 3463 टेस्टिंग में 67 लोग कोरोना से ग्रसित निकले हैं। अब तक मेरठ में 3200 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 2516 लोग पूरी तरह से ठीक होकर घर जा चुके हैं।
वहीं, एक कोरोना पीड़ित की मौत हो गई और अब तक 108 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 576 लोग विभिन्न अस्पतालों में कोरोना से संघर्ष कर रहे हैं।
सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया माधवपुरम के मकान नंबर-1413 निवासी हीना, युक्ति, जतिन और सचिन, कंकरखेड़ा निवासी परविन्दर और सरिता, जागृति विहार कालियागढ़ी निवासी विपिन और दासू, ज्वाला नगर निवासी दीपा गुप्ता, प्रिंस, रश्मि और अभिराज, तेज विहार निवासी वरुण शर्मा संक्रमित निकले हैं।
शनिवार को हुई टेस्टिंग में एकाउंटेंट, नर्सिंग स्टाफ, छात्र, पुलिसकर्मी और तमाम महिलायें संक्रमित निकली है। रुड़की की इंद्रप्रस्थ कालोनी के एक ही मकान के चार लोग संक्रमित निकले हैं।
गढ़ रोड पर विवि के सामने स्थित झुग्गियों में रहने वाले आशु और करण, सुभाष नगर गली नंबर आठ निवासी तेज भूषण और संगीता संक्रमित निकले हैं।
वहीं, राधा गार्डन निवासी बीसी मल्होत्रा की कोरोना के कारण मौत हो गई। पुलिस अस्पताल परिसर में रहने वाले जतिन, योगिता, प्राची और श्रेया, डालमपाड़ा निवासी रघु शर्मा और अजीत शर्मा संक्रमित निकले हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजकुमार ने बताया कि मेरठ में वर्तमान में छह कोविड फैसिलिटी कार्यरत है। जनपद में प्रथम कोविड-19 धनात्मक केस 27 मार्च को अमरावती (महाराष्ट्र) से अपनी नजदीकी रिश्तेदारी में आये इकरामुल हुसैन थे।
तब से अब तक कुल 3200 कोविड-19 धनात्मक रोगी चिह्नित किये गये, जिनमें से 1359 इनडेक्स (नये) केस एवं 1774 रोगी इनडेक्स रोगी (धनात्मक) के संपर्की धनात्मक पाये गये।
उन्होंने बताया कि 1240 बेड कोविड-19 धनात्मक रोगियों के लिए उपलब्ध है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर 5590 बेड तक बढ़ाया जा सकता है।
जनपद में कोविड-19 धनात्मक रोगियों के लिए निजी चिकित्सालय की भी सुविधा उपलब्ध है। वर्तमान में शासन से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुरूप 106, रोगियों को होम आइसोलेशन की अनुमति दी गयी है।
गर्भवती समेत पांच संक्रमित
सरधना क्षेत्र में कोरोना केस तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार को हुई जांच में एक गर्भवती महिला समेत कुल पांच लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने पॉजिटिव मिली गर्भवती की सीएचसी में सकुशल डिलीवरी कराई। स्वास्थ्य विभाग ने कुल 138 लोगों की कोरोना जांच कराई थी। जिनमें चार नगर व एक सलावा गांव की महिला शामिल है।
शनिवार को सरधना में हुई जांच में बूढ़ा बाबू मोहल्ले में एक महिला समेत चार लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। महिला ने परचून की दुकान कर रखी है। यानी उसके संपर्क में काफी लोग आए होंगे।
इसके अलावा सलावा गांव से डिलीवरी के लिए सीएचसी आई गर्भवती महिला की जांच की तो वह भी कोरोना से संक्रमित पाई गई। महिला चिकित्सक ने पीपीई किट पहनकर सकुशल महिला की डिलीवरी कराई। इस तरह सरधना क्षेत्र में कुल पांच लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। स्वास्थ्य विभाग ने आज 138 लोगों की जांच कराई।
जांच रिपोर्ट आने के बाद संक्रमित लोगों को आइसोलेट करा दिया गया। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. राजेश कुमार का कहना है कि 138 लोगों की जांच कराई गई थी। जिसमें पांच लोग पॉजिटिव आए हैं।

