- मंडावली की पेयजल की टंकी का नौ माह पहले बोरिंग फेल हो गया था
- ग्रामीणों ने पेयजल की टंकी पर पहुंचकर किया हंगामा
जनवाणी संवाददाता |
मंडावली: मंडावली क्षेत्र के दर्जन भर गांव 9 माह से पानी के लिए तरस रहे हैं। कई बार मांग करने के बावजूद भी ग्रामीणों की समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया।अब ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया और ग्रामीणों ने टंकी पर पहुंचकर हंगामा करते हुए पानी की सप्लाई जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग की।
मंडावली स्थित पेयजल विभाग की टंकी का बोरिंग फेल होने की वजह से 9 माह पहले क्षेत्र के करीब दर्जन भर गांवों की सप्लाई बंद कर दी गई थी तब से आज तक रिबोर कराने के लिए विभाग के द्वारा कोई कदम नहीं उठाया। 9 माह से मंडावली क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांव पानी के लिए तरस रहे हैं।

इस समय पड़ रही भीषण गर्मी में जहां घर के नलों का भी वाटर लेवल कम हो गया है ग्रामीणों को पानी को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंडावली के ग्रामीणों ने टंकी पर पहुंचकर हंगामा करते हुए ऑपरेटर अमीर हैदर जैदी से जल्द से जल्द पानी की सप्लाई चालू कराने की मांग की। इस दौरान ग्राम प्रधान पति माजिद हुसैन, फरीद अहमद, मजहर उल इस्लाम, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद आदिल ,मोहित कर्णवाल, मोहम्मद शाकिर, अंकुर चौहान आदि मौजूद रहे। रिबोर का काम जल्दी शुरू होगा।
पेयजल टंकी के ऑपरेटर अमीर हैदर जैदी ने बताया टंकी का बोरिंग फेल होने की वजह से पानी की सप्लाई बंद है शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है जल्द ही रिबोर का काम शुरू होगा।

