- दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर पंजोखरा के पास हादसा
जनवाणी ब्यूरो |
कांधला: दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर गांव पंजोखरा के पास गन्ने से भरी भैंसा-बुग्गी कोहरे के चलते कार ने टक्कर मार दी जिससे कार में सवार और भैंसा-बुग्गी सवार किसान सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
रविवार की सुबह गांव पंजोखरा निवासी गुलाब सिंह अपने साथी विनय के साथ अपने खेत से गन्ने से भरी भैंसा-बुग्गी को लेकर गांव की तरफ जा रहा था। उसी दौरान दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर पीछे से तेज गति से आती एक कार अंसतुलित होकर गन्ने से भरी ट्रैक्टर बुग्गी में जा टकराई। तेज गति में होने के कारण कार पलट कर खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
राहगीरों ने मामले की सूचना डायल 112 पर दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को कांधला सामुदायिक केन्द्र में भर्ती कराया। कार सवार इकबाल ने बताया कि वह अपने साथ इलियास, लियाकत, खालिद व आबिद के साथ बडौत से झिंझाना अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने सातों घायलों को जिला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए रेफर कर दिया।

