- पुलिस ने गैस सिलेंडर, कटर मशीन आदि बरामद किया
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शहर में पुलिस की मुस्तैदी से रात में एक सर्राफ की दुकान काटकर चोरी का प्रयास कर रहे चोर पुलिस को देखकर भाग खड़े हुए। चोर आक्सीजन सिलेंडर, कटर और साइकिल छोड़कर भाग गए। पुलिस ने सामान को जब्द कर लिया है। पुलिस ने घटना के संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शामली शहर के मोहल्ला रामशाला निवासी सचिन बंसल पुत्र सुभाषचंद बंसल की शहर में गांधी चौक नाला पटरी पर ज्वैलर्स की दुकान है। बताया गया है कि सवेरे करीब साढ़े चार बजे चोरों ने गैंस सिलेंडर व आक्सीजन में कटर मशीन लगाकर शटर को काटकर चोरी का प्रयास किया।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे पुलिस की गाड़ी की आवाज सुनकर चोर अपना सामान वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से गैंस सिलेंडर, आक्सीजन सिलेंडर, कटर मशीन, ग्राइंडर सहित अन्य सामान और एक साइकिल बरामद की है। मामले की जानकारी दुकान मालिक को सुबह के समय अखबार वितरक एक युवक ने दी।
जिसके बाद सचिन बंसल अपने परिजनों के साथ पहले दुकान पर और बाइक कोतवाली पहुंचे थे। पुलिस ने मौके से बरामद उपकरणों को कब्जे में लेकर आरोपी चोरों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के संबंध में कोतवाली निरीक्षक सत्यपाल सिंह का कहना है कि आक्सीजन गैंस सिलेंडर मालिक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। घटना का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।

