नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। दलाई लामा ने 90 वर्ष की आयु में अपने एल्बम ‘मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शन्स ऑफ हिज होलिनेस द दलाई लामा’ के लिए पहला ग्रैमी पुरस्कार जीता। यह ग्रैमी न केवल दलाई लामा के लिए, बल्कि भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस एल्बम में सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान और उनके दो बेटे अमान अली बंगश और अयान अली बंगश भी शामिल थे। जब इस एल्बम को ग्रैमी मिला, तो दलाई लामा ने इस सम्मान पर अपनी खुशी और आभार व्यक्त किया।
दलाई लामा ने 90 वर्ष की उम्र में जीता पहला ग्रैमी
एल्बम ‘मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शन्स ऑफ हिज होलिनेस द दलाई लामा’ ने बेस्ट ऑडियो बुक, नैरेटर और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग कैटेगरी में ग्रैमी पुरस्कार जीता। यह भारत के लिए भी एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि 14वें दलाई लामा 90 वर्ष की आयु में पहली बार ग्रैमी विजेता बने। नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित दलाई लामा को इस एल्बम के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है। वह लंबे समय से भारत में रह रहे हैं और उनके शांति, करुणा और आशा के संदेश ने न केवल दुनिया, बल्कि संगीतकारों के जीवन को भी प्रेरित किया है।
सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान का आभार
सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान और उनके दोनों बेटे अमान अली बंगश और अयान अली बंगश ने मिलकर इस एल्बम में संगीत दिया था। इस एल्बम के ग्रैमी अवार्ड जीतने पर उस्ताद अमजद अली खान ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “हम एक परिवार के रूप में दलाई लामा के साथ इस एल्बम पर काम करने को लेकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं। वह कई वर्षों से हमारे मार्गदर्शक रहे हैं और उनके शांति और करुणा के संदेश ने हमारे संगीत और जीवन को प्रेरित किया है। हम इस महान सम्मान के लिए दलाई लामा को हार्दिक बधाई देते हैं।”
अमजद अली के बेटों ने इसे यादगार अनुभव बताया
उस्ताद अमजद अली के दोनों बेटों ने भी इस पुरस्कार पर खुशी जाहिर की। अमान अली बंगश ने कहा, “दलाई लामा जी के विचारों को संगीत के साथ सुनना हमारे लिए बेहद भावुक और दिल छूने वाला अनुभव था। इसने हमें याद दिलाया कि कला में इंसान की आत्मा को ऊपर उठाने की कितनी बड़ी ताकत होती है। हमारे प्रिय सहयोगी कबीर सहगल के साथ इस एल्बम को बनाना हमारे लिए खुशी और सम्मान का विषय रहा। यह सचमुच हमारे लिए एक खास और यादगार पल है।”
वहीं, अयान अली बंगश ने कहा, “हमने कई अद्भुत कलाकारों के योगदान से एक ऐसा प्रोजेक्ट तैयार किया है, जिसमें दलाई लामा के विचारों को संगीत में पिरोया गया है। हम उन सभी कलाकारों के आभारी हैं जिन्होंने अपनी आवाज, भावना और क्रिएटिविटी से इस काम को संपूर्ण किया। हम खुद को बहुत सौभाग्यशाली मानते हैं कि हमें दलाई लामा के साथ इस एल्बम का हिस्सा बनने का मौका मिला।”
दलाई लामा का आभार
बौद्ध गुरू दलाई लामा ने भी अपनी एल्बम ‘मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शन्स ऑफ हिज होलिनेस द दलाई लामा’ को ग्रैमी अवार्ड मिलने पर गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।

